चंपत राय, अनिल मिश्रा को लेकर वकील का बड़ा दावा, कहा- नहीं गए तो पूरी अयोध्या होगी जाम
राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर अयोध्या के वकीलों का गुस्सा फूट गया है. चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव को अयोध्या छोड़ने के लिए तीन दिन का अल्टीमेटम दिया गया है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर अयोध्या के वकीलों का गुस्सा फूट गया है. चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव को अयोध्या छोड़ने के लिए तीन दिन का अल्टीमेटम दिया गया है. कहा गया है कि अगर वे ऐसा नहीं करते तो रामनगरी में किसी को भी नहीं आने दिया जाएगा.
राम मंदिर चढ़ावा चोरी का मामला धीरे-धीरे और गरमाता ही जा रहा है. सोमवार को अयोध्या बार एसोसिएशन की बैठक हुई. इस बैठक में फैसला लिया गया कि कोई भी वकील आरोपियों का केस नहीं लड़ेगा. इसके बाद एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्रा ने कहा कि राम मंदिर चंदा चोरी मामले में कोई भी वकील आरोपी का पक्ष नहीं रखेगा और अगर कोई ऐसा करता है, तो उस पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा. आरोपियों का केस लेने वाले वकील की सदस्यता रद्द होगी.
बार एसोसिएशन की बैठक में वकीलों ने मुखर होकर कहा कि चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव को अयोध्या छोड़ना होगा. अगर 3 दिन के अंदर नहीं छोड़ते हैं तो पूरी अयोध्या को जाम कर दिया जाएगा. किसी को अयोध्या में आने नहीं दिया जाएगा.
चंपत राय का बयान रिकॉर्ड
बता दें कि पुलिस ने सोमवार को ट्रस्ट के महासचिव रहे चंपत राय का बयान रिकॉर्ड किया है. अनिल मिश्रा, गोपाल राव का स्टेटमेंट अभी नहीं हुआ है. इनका भी जल्द होगा. एक-एक करके करीब 140 लोगों के बयान दर्ज किए जाएंगे.
जांच में खुल रही हैं कई नई परतें
बता दें कि इस मामले में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे साजिश की नई परतें खुल रही हैं. अब तक की जांच में सामने आया है कि करोड़ों रुपये के चढ़ावे में हेरफेर केवल गिनती करने वालों के बूते संभव नहीं था. पुलिस और SIT की जांच में बैंक के दो कर्मचारियों की भूमिका भी संदिग्ध नहीं बल्कि सक्रिय मिली है. जांच एजेंसियों का मानना है कि बैंककर्मियों की मिलीभगत के बिना दानराशि की चोरी और रिकॉर्ड में हेरफेर लंबे समय तक संभव नहीं था. ऐसे में आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है.
चंदा चोरी केस में 8 नामजद आरोपी
इस मामले में गिरफ्तार सभी 8 अभियुक्तों की रिमांड आज खत्म हो रही है. सभी आरोपियों की आज कोर्ट में पेशी होगी. इस दौरान पुलिस सभी अभियुक्तों की दोबारा रिमांड मांग सकती है. कल यानी रविवार को गिरफ्तार अभियुक्तों के घर छापेमारी की गई थी. इस दौरान पुलिस ने ज्वैलरी, कैश और प्रॉपर्टी के कागजात समेत कई चीजें बरामद किए. बता दें कि चंदा चोरी केस में 8 लोग नामजद आरोपी हैं.



