केशवपुरम में चल रहा अवैध कारोबार पकड़ा गया, तीन युवतियां सहित चार गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए रावतपुर थाना क्षेत्र के केशव पुरम इलाके में चल रहे कथित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए रावतपुर थाना क्षेत्र के केशव पुरम इलाके में चल रहे कथित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से तीन युवतियों समेत कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को लंबे समय से इस मकान में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसीपी कल्याणपुर के निर्देशन में एक टीम गठित की गई और मकान पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके पर आपत्तिजनक स्थिति में कुछ लोग मिले, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन युवतियों और एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने सभी को थाने लाकर पूछताछ शुरू कर दी है।
एसीपी कल्याणपुर ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस पूरे नेटवर्क के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि यह गतिविधि कब से संचालित हो रही थी और इसमें और कितने लोग जुड़े हो सकते हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह मामला अनैतिक देह व्यापार से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है और आगे की जांच में अन्य नामों का भी खुलासा हो सकता है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई का समर्थन करते हुए ऐसे अवैध कारोबार पर सख्त रोक लगाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस नेटवर्क का संचालन कौन कर रहा था।
रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा, कानपुर



