बजट सत्र से पहले कैबिनेट की अहम बैठक, मुखौटे पहनकर विधानसभा पहुंचे सपा विधायक

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार आज विधानसभा में अपना 10वां बजट पेश करने जा रही है। बजट पेश करने से ठीक पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में कैबिनेट की अहम बैठक हुई, जिसमें वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट प्रस्तावों को औपचारिक मंजूरी दी गई। यह बजट करीब 9 से 9.5 लाख करोड़ रुपये का होने का अनुमान है, जिसमें बुनियादी ढांचे, रोजगार और लोक-कल्याणकारी योजनाओं पर विशेष जोर दिया गया है।
विधानसभा में सपा का ‘मुखौटा’ प्रदर्शन
बजट सत्र की शुरुआत से पहले समाजवादी पार्टी के विधायकों ने अनोखे अंदाज में सरकार का विरोध किया। सपा विधायक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत अन्य वैश्विक नेताओं के मुखौटे पहनकर विधानसभा परिसर पहुंचे। विपक्ष ने सरकार की आर्थिक नीतियों और कानून-व्यवस्था को लेकर नारेबाजी की।
बजट की संभावित बड़ी घोषणाएं
माना जा रहा है कि इस बजट में ‘चुनावी झलक’ देखने को मिलेगी। सूत्रों के अनुसार, इन योजनाओं को मिल सकती है बड़ी सौगात।
निराश्रित महिलाओं और वृद्धजनों की पेंशन में 500 रुपये की मासिक बढ़ोतरी संभव है।
1.43 लाख शिक्षा मित्रों का मानदेय ₹10 हजार से बढ़ाकर ₹17 से ₹20 हजार करने के लिए करीब ₹275 करोड़ का प्रावधान किया जा सकता है।
मेधावी छात्राओं को मुफ्त स्कूटी देने का बहुप्रतीक्षित वादा इस बजट में पूरा होने की उम्मीद है।
बजट का लगभग एक चौथाई हिस्सा सड़क, एक्सप्रेसवे और बुनियादी ढांचे के विकास पर खर्च होगा।
रामगोपाल यादव का सरकार पर हमला
सपा सांसद रामगोपाल यादव ने बजट को लेकर तंज कसते हुए कहा कि जब केंद्र के बजट से जनता को निराशा हुई, तो यूपी सरकार से क्या उम्मीद की जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री के ‘बाबरी’ वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जब यह मुद्दा समाप्त हो चुका है, तो इस तरह की बयानबाजी केवल ध्यान भटकाने की कोशिश है।



