IND vs NZ: 226 रन का लक्ष्य पड़ा छोटा, संजू-नमन के दम पर भारत की शानदार जीत
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 226 रनों के बड़े लक्ष्य को हासिल कर लिया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 226 रनों के बड़े लक्ष्य को हासिल कर लिया।
संजू सैमसन की धुआंधार बल्लेबाजी, कप्तान श्रेयस अय्यर की अहम पारी और नमन धीर की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर भारत ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने टी20 क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की।
मैच में भारतीय बल्लेबाजों ने दबाव के बीच बेहतरीन खेल दिखाया। न्यूजीलैंड की ओर से दिए गए 226 रनों के लक्ष्य का पीछा करना आसान नहीं था, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही रन बनाने की गति बनाए रखी। संजू सैमसन ने शानदार अर्धशतक लगाकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई, जबकि श्रेयस अय्यर और नमन धीर ने अपनी पारियों से जीत की राह आसान कर दी।
भारत ने की ऑस्ट्रेलिया की बराबरी
भारत ने 7वीं बार टी20 इंटरनेशनल में 200 प्लस रन का स्कोर चेज़ किया है. इसके साथ ही उसने ऑस्ट्रेलिया के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. साउथ अफ्रीका ने ये कमाल 6 बार किया है. पाकिस्तान ने 4, इंग्लैंड और वेस्टइंडीज ने 3-3 बार 200 प्लस रनों का स्कोर चेज़ किया है.
भारत ने ऐसे जीता मैच
226 रनों के लक्ष्य को भेदने के लिए टीम इंडिया को तेज शुरुआत की जरूरत थी और अभिषेक शर्मा-संजू सैमसन ने ऐसा ही किया. दोनों ने 35 गेंदों में 93 रनों की साझेदारी की. संजू सैमसन ने इस साझेदारी में 23 गेंदों में 50 रनों का योगदान दिया. वहीं अभिषेक शर्मा ने 12 गेंदों में 29 रन बनाए. अभिषेक के आउट होने के बाद टीम इंडिया ने मिडिल ऑर्डर में दो अहम विकेट गंवाए.
तिलक वर्मा 11 गेंदों में 6 ही रन बना सके और ईशान किशन ने 3 गेंदों पर 1 रन का योगदान दिया. लेकिन इस बीच कप्तान श्रेयस अय्यर ने 28 गेंदों में 42 रन बनाकर टीम को रेस में बरकरार रखा.
अक्षर पटेल ने भी 14 गेंदों में 24 अहम रनों का योगदान दिया और इसके बाद नमन धीर ने नंबर 7 पर आकर सिर्फ 15 गेंदों में नाबाद 42 रन बनाकर टीम इंडिया को मैच जिता दिया. इस खिलाड़ी ने 5 चौके और 2 छक्के लगाए. ये टी20 इंटरनेशनल में उनका बेस्ट स्कोर भी हो गया.



