सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करने उतरेगा भारत

  • वेस्टइंडीज से चौथा टी20 मैच आज, कुलदीप को फिर बैठना पड़ सकता है बाहर

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
हैदराबाद। शानदार फॉर्म में चल रहे भारतीय बल्लेबाज वेस्टइंडीज के खिलाफ बुधवार को होने वाले चौथे टी20 मैच में लय को बरकरार रखते हुए शानदार जीत के साथ सीरीज अपने नाम करना चाहेंगे। इस मैच में सबसे ज्यादा ध्यान इस बात पर रहेगा कि टीम प्रबंधन कुलदीप यादव की प्लेइंग-11 में वापसी करता है या नहीं। वहीं, अब तक एकादश से बाहर चल रहे वैभव सूर्यवंशी पर भी नजरें रहेंगी। भारत इस समय सीरीज में 2-1 से आगे है और उसे सीरीज अपने नाम करने के लिए बस एक जीत की जरूरत है।
वहीं, पिछले मैच में करारी हार के बाद वेस्टइंडीज वापसी करके सीरीज में बने रहने की कोशिश में होगा। एक बार फिर मैच का रूख दोनों टीमों के पावर हिटर्स पर निर्भर करेगा। भारत के शीर्षक्रम के बल्लेबाज संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है जिससे सीरीज में अभी तक भारतीय मध्यक्रम पर अधिक दबाव नहीं बना है। भारत के लिए चिंता का एकमात्र कारण शीर्षक्रम के शानदार फॉर्म के कारण मध्यक्रम के बल्लेबाजों को अधिक अभ्यास नहीं मिल पाना है। शीर्ष तीन के नाकाम रहने पर तिलक वर्मा, नीतिश कुमार रेड्डी और नमन धीर को जिम्मेदारी संभालनी होगी खासकर जब लक्ष्य बड़ा हो। दूसरी ओर वेस्टइंडीज के लिए चुनौती भारतीय रनगति पर अंकुश लगाने की होगी। कप्तान श्रेयस अय्यर ने पहले टी20 में शतक लगाया था, जबकि दूसरे मैच में सैमसन और ईशान ने बड़ी पारियां खेली हालांकि यह मैच वेस्टइंडीज ने जीता। तीसरे मैच में अभिषेक का दबदबा रहा।

डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में भारत पांचवें स्थान पर

डरबन। ऑस्ट्रेलिया ने पहले टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीका को हरा दिया है। इस जीत से ऑस्ट्रेलिया ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) में पहले स्थान पर अपनी स्थिति को और मजबूत कर लिया है। हार के साथ दक्षिण अफ्रीका की टीम दूसरे नंबर की पोजीशन गंवा बैठी है। अब तीसरे पायदान पर खिसक गई है। न्यूजीलैंड डब्ल्यूटीसी टेबल में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। बांग्लादेश छह मैचों में 55.56 के जीत प्रतिशत के साथ चौथे स्थान पर है, जिसमें तीन जीत, दो हार और एक ड्रॉ मैच शामिल है। भारत अभी पांचवें स्थान पर है। टीम ने 11 मैचों में से पांच जीते हैं, चार हारे हैं और दो मैच ड्रॉ रहे हैं, जिससे उनका जीत प्रतिशत 51.52 है। इंग्लैंड छठे स्थान पर है। श्रीलंका सातवें स्थान पर है। जबकि वेस्टइंडीज आठवें स्थान पर काबिज है। पाकिस्तान सबसे निचले स्थान पर है। टीम ने 9 मैचों में दो जीत और सात हार का सामना किया है। पाकिस्तान का जीत प्रतिशत सिर्फ 4.63 है।

Related Articles

Back to top button