अफगान का क्लीन स्वीप करने के इरादे से उतरेगा भारत

  • सीरीज का अंतिम वनडे मैच कल, हर्षित राणा कर सकते हैं टीम में वापसी

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
चेन्नई। भारत और अफगानिस्तान के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला कल यानी शनिवार को चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। शुभमन गिल की अगवाई वाली भारतीय टीम भले ही पहले दो वनडे मैच जीत कर 2-0 की अजेय बढ़त ले चुकी हैं फिर भी भारतीय टीम तीसरा और अंतिम मैच जीत कर अफगानिस्तान का इस वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप करना चाहेगी। वहीं अफगानिस्तान की टीम इस अंतिम मैच को जीत कर अपना सम्मान बचाना चाहेगी। वहीं भारत बनाम अफगानिस्तान मैच में शहर में बारिश की संभावना जताई गई है।
वहीं भारतीय टीम को तीसरे मुकाबले से पहले अच्छी खबर मिली है। युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा पूरी तरह फिट होकर टीम से जुड़ गए हैं और शनिवार को चेन्नई में खेले जाने वाले अंतिम वनडे के लिए उपलब्ध रहेंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने इसकी आधिकारिक घोषणा की। राणा ने बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपना पुनर्वास पूरा कर लिया है और अब राष्ट्रीय टीम के साथ जुड़ चुके हैं। 24 वर्षीय हर्षित राणा को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 विश्वकप के अभ्यास मैच के दौरान दाएं घुटने में लिगामेंट स्ट्रेन हुआ था। चोट इतनी गंभीर थी कि उन्हें फरवरी में सर्जरी करानी पड़ी। इस चोट के कारण राणा टी20 विश्व कप 2026 और आईपीएल 2026 दोनों से बाहर हो गए थे। ऐसे में उनकी वापसी भारतीय टीम के लिए राहत की खबर है। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बयान में कहा, हर्षित राणा ने बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपना पुनर्वास पूरा कर लिया है और वह चेन्नई में वनडे टीम के साथ जुड़ गए हैं।

भारत को लगा झटका, श्रेयंका पाटिल चोट की वजह विश्वकप से बाहर

लीड्स। भारतीय महिला टीम को महिला टी20 विश्व कप 2026 के बीच बड़ा झटका लगा है। टीम की ऑफ स्पिनर श्रेयंका पाटिल चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। उनकी जगह युवा लेग स्पिनर प्रेमा रावत को भारतीय टीम में शामिल किया गया है। दरअसल, बुधवार को नीदरलैंड्स के खिलाफ ग्रूप-ए मुकाबले के दौरान श्रेयंका पाटिल को फील्डिंग करते समय टखने (एंकल) में गंभीर चोट लग गई। चोट इतनी गंभीर थी कि उन्हें मैदान से स्ट्रेचर पर बाहर ले जाना पड़ा। इसके बाद मेडिकल जांच में यह स्पष्ट हो गया कि वह टूर्नामेंट के बाकी मुकाबलों में हिस्सा नहीं ले सकेंगी। महिला टी20 विश्वकप की इवेंट टेक्निकल कमेटी ने श्रेयंका पाटिल के स्थान पर प्रेमा रावत को भारतीय टीम में शामिल करने की मंजूरी दे दी है। 24 वर्षीय प्रेमा रावत इस समय भारत-ए टीम के इंग्लैंड दौरे का हिस्सा थीं। अब उन्हें सीधे भारतीय महिला टी20 विश्वकप टीम में शामिल किया गया है। हालांकि, प्रेमा ने अभी तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू नहीं किया है।

Related Articles

Back to top button