सीरीज पर कब्जा करने के इरादे से उतरेगा भारत

  • वेस्टइंडीज से दूसरा वनडे कल रोहित शर्मा के पास इतिहास रचने का मौका

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
गुवाहाटी। भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज का आगाज हो चुका है। सीरीज का पहला मैच भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने नाम कर लिया है। अब दूसरे मैच की बारी है। टीम इंडिया ने तीन मैचों की सीरीज में 1.0 की लीड बना ली है। अब उसकी कोशिश होगी कि दूसरा मैच जीतकर सीरीज पर कब्जा किया जाए, लेकिन वहीं वेस्टइंडीज की टीम भी सीरीज को बराबरी पर लाने की कोशिश जरूर करेगी। सीरीज के दूसरा मैच 30 सितंबर को गुवाहाटी में खेला जाएगा।
वहीं टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे में इतिहास रचने के बेहद करीब हैं। बता दें कि इस मैच में रोहित की नजर वनडे क्रिकेट में 12000 रन पूरे करने पर होगी। इस महारिकॉर्ड को हासिल करने से हिटमैन केवल 73 रनों की दूरी पर हैं। अगर रोहित इस मुकाम को हासिल कर लेते हैं, तो वह ऐसा करने वाले भारत के तीसरे खिलाड़ी होंगे। वनडे क्रिकेट में 12000 रनों की खास उपलब्धि अब तक केवल दो भारतीय बल्लेबाज ही छू सके हैं। ये दोनों दिग्गज सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली हैं। सचिन के वनडे खाते में 18426 रन दर्ज हैं वहीं विराट ने 15080 रन बना लिए हैं। उधर रोहित के नाम 11297 रन हो गए हैं। वनडे क्रिकेट में 12000 रनों के महारिकॉर्ड के अलावा रोहित शर्मा की नजर एक और बड़े रिकॉर्ड को अपने नाम करने पर होगी। रोहित ने बतौर ओपनर वनडे में 9897 रन बना लिए हैं। इस रिकॉर्ड के लिए उनको केवल 103 रनों की जरूरत है। भारत की तरफ से सचिन तेंदुलकर एकमात्र खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 12 हजार या उससे ज्यादा रन ओपनर के तौर पर बनाए हैं।

एशियन गेम्स: बिना एक गेंद खेले सेमीफाइनल में पहुंची टीमें

आइची नागोया। एशियन गेम्स में पुरुष क्रिकेट के एक सेमीफाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। बारिश के कारण नेपाल और श्रीलंका के बीच क्वार्टर फाइनल मुकाबला रद्द होने के बाद बेहतर रैंकिंग के आधार पर श्रीलंका ने अंतिम-चार में जगह बनाई। अब भारत का सामना श्रीलंका से होगा। दूसरी ओर पाकिस्तान की भिड़ंत बांग्लादेश से होगी। दोनों सेमीफाइनल एक अक्तूबर को खेले जाएंगे, जबकि फाइनल और ब्रॉन्ज मेडल मैच तीन अक्तूबर को होंगे। बांग्लादेश और मलयेशिया के बीच क्वार्टर फाइनल मुकाबला भी बारिश के कारण रद्द कर दिया गया है। ऐसे में क्वार्टर फाइनल के चारों मुकाबले बारिश के कारण रद्द करने पड़े और बेहतर रैंकिंग वाली टीमें सेमीफाइनल में पहुंचीं। नेपाल और श्रीलंका के बीच क्वार्टर फाइनल बारिश के कारण नहीं हो सका। मुकाबला रद्द होने पर बेहतर रैंकिंग के आधार पर श्रीलंका आगे बढ़ गया। इस तरह भारत के सेमीफाइनल का विरोधी तय हो गया है। भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा सेमीफाइनल एक अक्तूबर को भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे से खेला जाएगा।

Related Articles

Back to top button