गिल की कप्तानी में भारत ने जीती पहली वनडे सीरीज

  • शुभमन-ईशन के शतक के बाद अर्शदीप व बरार की गेंदबाजी से अफगान को 170 रन से हराया

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ। शुभमन गिल और ईशान किशन की बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन से भारत ने अफगानिस्तान को दूसरे वनडे मैच में 170 रनों से हराया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.5 ओवर में 402 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान ने 44.3 ओवर में 232 रन बनाए। भारत ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त ले ली है। इस तरह गिल की कप्तानी में भारत ने पहली वनडे सीरीज जीती है।
अफगानिस्तन की टीम अर्शदीप, गुरनूर बरार और प्रिंस यादव की तेज गेंदबाजी तिकड़ी के सामने कभी लक्ष्य के करीब पहुंचने की स्थिति में भी नहीं दिखी। अफगानिस्तान की ओर से रहमत शाह ने सर्वाधिक 79 रन बनाए, जबकि सेदिकुल्लाह अटल (42) और रहमानुल्लाह गुरबाज (41) ने भी उपयोगी पारियां खेलीं। इससे पहले, अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। भारत ने वनडे इतिहास में आठवीं बार 400 रनों का आंकड़ा पार किया है और वह इस मामले में दक्षिण अफ्रीका की बराबरी पर पहुंच गया। भारत के लिए इस मैच में गिल और ईशान ने शतक लगाए। रोहित हालांकि, अर्धशतक लगाने से चूक गए और 48 रन बनाकर आउट हुए। ईशान 125 रन बनाकर आउट हुए। ईशान और गिल के बीच तीसरे विकेट के लिए 224 रनों की साझेदारी हुई। भारत के लिए सबसे ज्यादा रन गिल ने बनाए जो 154 रन बनाकर आउट हुए। एक समय भारतीय टीम 450 रन का आंकड़ा पार करने की स्थिति में दिखाई दे रही थी, लेकिन गिल और ईशान के आउट होने के बाद अफगानिस्तान के गेंदबाजों ने वापसी की और भारत को लगातार झटके दिए। भारत ने आखिरी के छह विकेट 42 रन के अंदर गंवाए। यह पहली बार है जब वनडे में कोई टीम 400+ रन बनाने के बावजूद ऑलआउट हो गई।

भारतीय महिला टीम का टी20 विश्वकप में सर्वोच्च स्कोर

लखनऊ। भारतीय महिला टीम ने बुधवार को नीदरलैंड के खिलाफ महिला टी20 विश्व कप में अपना सर्वोच्च स्कोर बनाया। लीड्स में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में पांच विकेट पर 209 रन बनाए। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 70 गेंदों में 115 रन की साझेदारी हुई। शेफाली 55 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद मंधाना के रूप में दूसरा झटका लगा। मंधाना 74 रन बनाकर आउट हुईं। फिर ऋ चा घोष (नाबाद 20) और दीप्ति शर्मा (नाबाद 10) की पारी ने भारत को 209/5 के स्कोर तक पहुंचाया। इस मैच में टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप में किसी भी टीम के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर है। इस मामले में शीर्ष पर इंग्लैंड है, जिसने श्रीलंका के खिलाफ हाल ही में 219/1 रन बनाए। दूसरे स्थान पर भी इंग्लैंड की टीम है, जिसने 2023 में पाकिस्तान के खिलाफ 213/5 का स्कोर बनाया था। भारत ने इससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ 2018 में 194/5 का टोटल बनाया था। वहीं, महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पांचवीं बार 200 से ज्यादा स्कोर बनाया। दिलचस्प बात यह है कि महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह भारत का किसी भी टीम के खिलाफ चौथा सबसे बड़ा स्कोर है।

Related Articles

Back to top button