थाई महिला के मोबाइल में मिले भारतीय ID! दूसरे नाम से वोटर कार्ड, आधार और PAN बनवाने का आरोप
सोनौली इमिग्रेशन जांच में थाई महिला के मोबाइल से भारतीय पहचान पत्रों की डिजिटल प्रतियां मिलीं। पुलिस के अनुसार दूसरे नाम से वोटर आईडी, आधार और पैन बनवाने के मामले में केस दर्ज हुआ।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः सोनौली इमिग्रेशन काउंटर पर एक थाई महिला के मोबाइल फोन की जांच के दौरान भारतीय पहचान पत्रों की डिजिटल प्रतियां मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, महिला ने कथित तौर पर नाम बदलकर वोटर आईडी, आधार और पैन कार्ड बनवाए थे। मामले में सोनौली थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, 16 अगस्त 2026 को थाई नागरिक महिला इमिग्रेशन प्रक्रिया के लिए सोनौली काउंटर पर पहुंची थी। उसकी पहचान चोन छुटिचिराफट के रूप में हुई। उसके पास वैध पासपोर्ट और टूरिस्ट वीजा था। अभिलेखों की जांच के दौरान उसके मोबाइल में भारतीय दस्तावेजों की डिजिटल प्रतियां मिलने की बात सामने आई।
दूसरे नाम से भारतीय दस्तावेज बनवाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि महिला ने कथित रूप से अपना नाम बदलकर करुणारूपाणि देवीदासी के नाम से भारतीय वोटर आईडी, आधार कार्ड और पैन कार्ड बनवा रखे थे।
मामला सामने आने के बाद इमिग्रेशन काउंटर अधिकारी की तहरीर पर सोनौली थाने में मु0अ0सं0 77/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2), 336(3), 338 और 340(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
अन्य एजेंसियां भी कर रही पूछताछ
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अन्य सुरक्षा और जांच एजेंसियां भी उससे पूछताछ कर रही हैं।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि थाई नागरिक के लिए भारतीय पहचान पत्र किस उद्देश्य से और किस माध्यम से तैयार कराए गए। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस पूरे मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।
फिलहाल पुलिस दस्तावेजों की सत्यता, उन्हें बनवाने की प्रक्रिया और महिला के भारत में संपर्कों समेत विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में आगे की स्थिति जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: घर से काम के लिए निकला था युवक, स्कूली बस ने मारी टक्कर; मौके पर ही मौत



