गिल की अगुवाई में श्रीलंका पहुंची भारतीय टीम

  • साई सुदर्शन अभी भी सीओई में, फिटनेस पर 3-4 दिन में होगा फैसला

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
बंगलूरू। भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल की अगुआई में टीम इंडिया मंगलवार को दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए श्रीलंका पहुंच गई। हालांकि,साई सुदर्शन अभी टीम के साथ नहीं गए हैं। वह पैर की अंगुली की चोट से उबर रहे हैं और फिलहाल बंगलूरू स्थित बीसीसीआई के सीओई में मेडिकल स्टाफ की निगरानी में रिहैब कर रहे हैं। सुदर्शन रोजाना एक घंटे से अधिक समय तक नेट्स में बल्लेबाजी कर रहे हैं। उनकी रिकवरी पर लगातार नजर रखी जा रही है और अगले तीन से चार दिनों में उनकी फिटनेस का दोबारा आकलन किया जाएगा।
इसके बाद ही तय होगा कि वह श्रीलंका जाकर टीम से जुड़ पाएंगे या नहीं। बीसीसीआई मेडिकल टीम सुदर्शन की वापसी को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहती। हाल के दिनों में हर्षित राणा की जल्द वापसी के बाद दोबारा चोटिल होने का मामला सामने आया था। साई सुदर्शन को हाल ही में भारत-ए के श्रीलंका दौरे के दौरान पैर की अंगुली में चोट लगी थी। भारतीय टीम सात अगस्त से कोलंबो के नॉनडिस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब मैदान पर तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेलेगी। इसके बाद टीम 15 अगस्त से गॉल में पहला टेस्ट खेलेगी, जबकि दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो में खेला जाएगा। यदि सुदर्शन फिट घोषित होते हैं, तो उनके दूसरे टेस्ट से पहले टीम से जुडऩे की संभावना है।

भारत दौरे के लिए महिला ऑस्ट्रेलिया ए का दस्ता तैयार

मेलबर्न। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने भारत दौरे के लिए 15 सदस्यीय ऑस्ट्रेलिया ए महिला टीम की घोषणा कर दी है। टीम में तेज गेंदबाज टायला व्लामिन्क और डार्सी ब्राउन की वापसी सबसे बड़ा आकर्षण है। दोनों खिलाड़ी लंबे समय बाद प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी करेंगी और भारत दौरे पर अपनी छाप छोडऩे के लिए तैयार हैं। 27 वर्षीय टायला व्लामिन्क पिछले टी20 विश्व कप के दौरान कंधे की चोट के कारण टीम से बाहर हो गई थीं। अब वह पूरी तरह फिट हैं और भारत के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज में अपनी लय हासिल करने की कोशिश करेंगी। वहीं, 23 वर्षीय तेज गेंदबाज डार्सी ब्राउन पिछले टी20 विश्व कप की टीम में जगह नहीं बना सकी थीं, लेकिन ऑस्ट्रेलिया ए टीम में चयन के बाद उन्हें खुद को साबित करने का अच्छा मौका मिला है। ऑस्ट्रेलिया ए टीम का भारत दौरा करीब तीन सप्ताह तक चलेगा। इस दौरान टीम न्यू चंडीगढ़ में तीन टी20 मैच खेलेगी। इसके बाद मोहाली में तीन एकदिवसीय मुकाबले होंगे, जबकि धर्मशाला में एक चार दिवसीय मैच भी खेला जाएगा।

Related Articles

Back to top button