भारत में ये हैं सबसे आसान और खूबसूरत ट्रेक

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
अगर आप पहाड़ों से प्यार करते हैं और पहली बार ट्रेकिंग का प्लान बना रहे हैं, तो भारत में कई ऐसे ट्रेक मौजूद हैं जो पहली बार वाले यात्रियों के लिए बिल्कुल परफेक्ट माने जाते हैं। इन ट्रेक्स पर जाने के लिए आपको ज्यादा पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं होती। कम बजट में भी आप शानदार पहाड़, झरने, जंगल और खूबसूरत सूर्योदय का मजा ले सकते हैं। आजकल युवाओं के बीच वीकेंड ट्रैकिंग ट्रिप्स तेजी से लोकप्रिय हो रही हैं। लोग शहर की भागदौड़ और तनाव से दूर कुछ समय प्रकृति के बीच बिताना चाहते हैं। ऐसे में छोटे और आसान ट्रेक सबसे बेहतरीन विकल्प बनकर सामने आते हैं। इन ट्रेक्स पर ज्यादा अनुभव की जरूरत नहीं होती और फिटनेस का बेसिक स्तर होने पर भी आसानी से पूरा किया जा सकता है। भारत के हिमाचल, उत्तराखंड और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में कई ऐसे ट्रेक्स हैं जो कम समय और कम खर्च में शानदार रोमांचक अनुभव देते हैं। अगर आप दोस्तों के साथ या सोलो ट्रिप का प्लान बना रहे हैं, तो ये बिगिनर फ्रेंडली ट्रेक आपके लिए यादगार साबित हो सकते हैं।

देवकुंड ट्रेक

झरनों और जंगलों के बीच शानदार अनुभव के लिए महाराष्ट्र के देवकुंड ट्रेक की सैर पर जाएं। देवकुंड जलप्रपात महाराष्ट्र के सबसे खूबसूरत ट्रेकिंग स्पॉट्स में से एक है। यह ट्रेक खासकर मानसून के मौसम में बेहद आकर्षक लगता है। रास्ते में नदी, जंगल और छोटे झरने देखने को मिलते हैं। मुंबई और पुणे के यात्रियों के लिए यह कम बजट का वीकेंड डेस्टिनेशन माना जाता है।

नाग टिब्बा ट्रेक

वीकेंड पर रोमांचक सफर के लिए नाग टिब्बा ट्रेक परफेक्ट है। नाग टिब्बा उत्तराखंड का एक आसान और शानदार वीकेंड ट्रेक है। दिल्ली और देहरादून से यहां तक आसानी से पहुंचा जा सकता है। देहरादून से पंतवारी गांव तक ड्राइव करके पहुंच सकते हैं। फिर आगे लगभग 16-18 किमी का आसान से मध्यम ट्रेक है। अद्भुत दृश्यों और घने जंगलों के बीच 2 दिन में आसानी से इस ट्रेक को पूरा किया जा सकता है। इसे नए ट्रैवलर्स के लिए काफी सुरक्षित माना जाता है। यहां से हिमालय की बर्फीली चोटियों का नजारा बेहद खूबसूरत दिखाई देता है।

त्रिउंड ट्रेक

हिमाचल का मशहूर त्रिउंड नए यात्रियों या पहली बार ट्रेकिंग करने वालों के बीच सबसे ज्यादा लोकप्रिय ट्रेक माना जाता है। यह ट्रेक मैक्लोडगंज से शुरू होता है और लगभग 9 किलोमीटर लंबा है। रास्ते में हरे-भरे पहाड़ और धौलाधार रेंज का शानदार नजारा देखने को मिलता है। यहां कैंपिंग का अनुभव भी बेहद खास होता है। इस ट्रेक का कुल खर्च लगभग 2500 रुपये से 4000 रुपये प्रति व्यक्ति तक आ सकता है।

तुंगनाथ ट्रेक

उत्तराखंड के रूद्रप्रयाग में विश्व का सबसे ऊंचा शिवमंदिर तुंगनाथ है, जहां तक आप तुंगनाथ ट्रेक के जरिए पहुंच सकते हैं। चोपता से लगभग 4 किमी का मध्यम स्तर ट्रेक आसान और बजट फ्रेंडली है। अप्रैल से जून और सितंबर नवंबर के बीच का समय ट्रेक के लिए सबसे अच्छा माना जाता है। इस ट्रेकिंग का अनुभव भी बजट में मिलेगा। यहां की सैर का कुल खर्च महज 5 हजार रुपये के अंदर आता है।

Related Articles

Back to top button