महंगाई का फिर प्रहार : पेट्रोल प्राइस 100 के पार

  • पेट्रोल-डीजल के दाम में फिर बढ़ोत्तरी
  • जनता बोली- कीमतों पर अब नियंत्रण होना चाहिए

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आज एक बार फिर बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। पेट्रोल की कीमत में 2.61 रुपए प्रति लीटर और डीजल में 2.71 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। पिछले 10 दिनों में यह चौथी बार है जब ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं, जिससे आम जनता और खासकर मध्यम वर्ग की परेशानियां बढ़ गई हैं। कीमतों में बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल पंपों पर तेल भरवाने पहुंचे लोगों ने नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ती कीमतों का सीधा असर उनके बजट और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने पीएम मोदी को महंगाई मैन बताते हुए सरकार पर जनता की जेब काटने का आरोप लगाया है।

समाजिक गतिविधियों पर भी पड़ रहा है असर

झज्जर से कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोत्तरी को चिंता का विषय बताते हुए कहा है कि लगातार चौथी बार कीमतें बढ़ी हैं जिससे महंगाई और बढ़ रही है। बढ़ती कीमतों का सीधा असर किसानों और आम लोगों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं क्योंकि चंडीगढ़ में तय मात्रा में ईंधन देने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि खाने-पीने की चीजों से लेकर रेस्टोरेंट तक का खर्च बढ़ रहा है और इसका असर सामाजिक गतिविधियों पर भी पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कई जगहों पर लोगों द्वारा लगाए जाने वाले लंगर भी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से इस मुद्दे को गंभीरता से लेने की मांग करते हुए कहा कि केवल साइकिल चलाकर प्रदर्शन करने से समस्या का समाधान नहीं होगा। सरकार वर्क फ्रॉम होम की बात करती है लेकिन डिलीवरी और परिवहन से जुड़े लोग ऐसा नहीं कर सकते इसलिए सरकार को उनकी परेशानियों पर भी ध्यान देना चाहिए। रोहतक में आम आदमी पार्टी के नेता अनुराग ढांडा ने कहा है कि पिछले 10 दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में करीब 7.5 रुपए की बढ़ोतरी हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार हर दिन थोड़ी-थोड़ी बढ़ोतरी कर आम लोगों पर बोझ डाल रही है। अनुराग ढांडा ने कहा कि अगर यही सिलसिला जारी रहा तो पेट्रोल की कीमत 150 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच सकती है जिससे आम लोगों के लिए वाहन चलाना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि बाइक चलाने वाले गरीब लोग पेट्रोल नहीं भरवा पाएंगे और ऑटो से लेकर ट्रक ड्राइवर तक सभी परेशान हैं। उनके मुताबिक बढ़ती ईंधन कीमतों का असर व्यापार और रोजमर्रा के खर्चों पर साफ दिखाई दे रहा है जिससे आम जनता की आर्थिक मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं।

कांग्रेस ने फिर पीएम मोदी को बताया महंगाई मैन

कांग्रेस ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा है कि महंगाई मैन मोदी ने पेट्रोल-डीजल 11 दिन में 8 रुपए महंगा कर दिया। आज फिर पेट्रोल पर 2.87 रुपए और डीजल पर 2.8० रुपए बढ़ा दिए गए हैं। 15 मई को पेट्रोल 3.29 रुपए, डीजल 3.11 रुपए। 19 मई को पेट्रोल 96 पैसे, डीजल 94 पैसे। 23 मई को पेट्रोल 94 पैसे, डीजल 95 पैसे और 25 मई को पेट्रोल 2.87 रुपए, डीजल 2.8० रुपए महंगा हुआ। कुल- पेट्रोल 8.०6 रुपए, डीजल 7.8० रुपए अबतक महंगा हो चुका है। पार्टी ने कहा है कि अपने पूंजीपति दोस्तों को मालामाल करने के लिए पीएम मोदी जनता की जेब काटने में लगे हैं। लोग महंगाई में पिस रहे हैं परेशान हैं लेकिन महंगाई मैन की वसूली थमने का नाम नहीं ले रही।

जनता को स्लो पॉइजन दे रही है सरकार

आम आदमी पार्टी ने एक्स पर पोस्ट में करते हुए कहा है कि मोदी सरकार भारत की जनता को स्लो पॉइजन दे रही है। आज फिर पेट्रोल 2.61 रुपए और डीजल 2.71 रुपए प्रति लीटर महंगा कर दिया गया। पिछले 10 दिनों में पेट्रोल-डीजल के दाम 7.50 रुपए तक बढ़ चुके हैं। दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपए और डीजल 95.20 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है। पेट्रोल-डीजल के दाम बढऩे का मतलब सिर्फ गाड़ी चलाना महंगा होना नहीं है, इसका असर राशन, सब्जी, दूध, खेती, ट्रांसपोर्ट और हर जरूरी चीज पर पड़ता है।

बढ़ रहा जनता में आक्रोश

पेट्रोल पंप पर पेट्रोल लेने पहुंचे आदित्य श्रीवास्तव ने कहा कि कि कीमतें बढऩे से हम पर असर पड़ रहा है। मुझे लगता है कि कीमतें अब बढ़ती ही रहेंगी। इस पर नियंत्रण होना जरूरी है वरना दिक्कतें खड़ी हो जाएंगी। कुछ हमें कंट्रोल करना होगा और कुछ सरकार को। एक अन्य व्यक्ति सुधाकर से जब हमने बड़ी कीमतों के बारे में प्रतिक्रिया ली तो उन्होंने कहा कि काम कम है और पेट्रोल महंगा होता जा रहा है। आमतौर पर हम रोज 200 रुपए का तेल भरवाते हैं लेकिन काम बहुत कम हो गया है क्योंकि ग्राहक उतने पैसे नहीं देते और कंपनियां भी रेट कम कर देती हैं। यह और महंगा होता जा रहा है और मध्यम वर्ग के लोग इससे बहुत परेशान हैं। पेट्रोल भराने आए एक और शख्स ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं जिसका आम आदमी पर सीधा असर पड़ रहा है। टैक्सी ड्राइवरों ने तो हाल ही में धरना भी दिया था। किराया तो बढ़ रहा है लेकिन कमाई नहीं बढ़ रही। इस महंगाई को नियंत्रित करने के लिए सरकार और संबंधित विभागों को तुरंत कुछ ठोस कदम उठाने पड़ेंगे। अभी तो हालात ऐसे हैं कि आगे और रेट बढऩे वाले है। पिछले 10 दिनों में यह चौथी बार है जब पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई। इससे आम लोगों, यात्रियों और परिवहन क्षेत्र पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है।

भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि तेल आयातक देशों में सबसे कम

मध्य पूर्व में जारी संकट का असर अब देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर भी देखा जा रहा है। हालांकि, भारत में ईंधन के दाम में वृद्धि तेल आयातक देशों में सबसे कम बताई जा रही है। मध्य पूर्व में कच्चे तेल के निर्यात के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हॉर्मुज स्ट्रेट के 28 फरवरी से बंद रहने के कारण घरेलू तेल कंपनियों ने चार बार -15, 19, 23 और 25 मई को ईंधन की कीमतों में करीब 7.5 प्रतिशत का इजाफा किया है। वहीं बाकी दुनिया में ईंधन की कीमतों में 10 से लेकर 90 प्रतिशत तक की वृद्धि हो चुकी है। भारत में चार बार ईंधन की कीमत में हुई वृद्धि के चलते नई दिल्ली में पेट्रोल का दाम 7.35 रुपए प्रति लीटर बढ़कर 1०2.12 रुपए प्रति लीटर हो गया है जो कि पहले 94.77 रुपए प्रति लीटर था। वहीं डीजल का दाम 7.53 रुपए प्रति लीटर बढ़कर 95.20 रुपए प्रति लीटर हो गया है जो कि पहले 87.67 रुपए प्रति लीटर है। दुनिया की प्रमुख विकसित अर्थव्यवस्था में पेट्रोल की खुदरा कीमत 15० रुपए प्रति लीटर से अधिक है और अधिकतर देशों में 180 रुपए प्रति लीटर से अधिक है यूरोपीय संघ के 27 देशों में औसत पेट्रोल की कीमत 179 रुपए और डीजल की कीमत 184 रुपए है। भारत के दो बड़े पड़ोसी देश पाकिस्तान और नेपाल में कम आय के बावजूद पेट्रोल की कीमत 135 रुपए प्रति लीटर से काफी ऊपर पहुंच गई है। श्रीलंका, म्यांमार और फिलीपींस में यह कीमत 130 रुपए प्रति लीटर से ऊपर है।

Related Articles

Back to top button