इटली के लिवोर्नो में INS सुदर्शिनी, 10 देशों की यात्रा ने बढ़ाया भारत का गौरव
भारतीय नौसेना का प्रशिक्षण जहाज INS सुदर्शिनी लोकायन 2026 अभियान के दौरान इटली के लिवोर्नो शहर पहुंच गया है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: भारतीय नौसेना का प्रशिक्षण जहाज INS सुदर्शिनी लोकायन 2026 अभियान के दौरान इटली के लिवोर्नो शहर पहुंच गया है. इस अभियान का मकसद समुद्र की पुरानी परंपराओं को आगे बढ़ाना है.
भारतीय नौसेना का सेल ट्रेनिंग शिप INS सुदर्शिनी 9 सितंबर को इटली के लिवोर्नो बंदरगाह पहुंच गया. यह दौरा भारतीय नौसेना की ट्रांसओशनिक एक्सपीडिशन लोकायन 2026 का हिस्सा है.
लोकायन मिशन के दौरान INS सुदर्शिनी अब तक 17,400 से ज्यादा नॉटिकल माइल की दूरी तय कर चुका है और 10 देशों का दौरा कर चुका है. इस अभियान का मकसद समुद्री परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ-साथ भारत के मित्र देशों के साथ समुद्री सहयोग और दोस्ती को मजबूत करना है.
लिवोर्नो पहुंचने से पहले भूमध्य सागर में INS सुदर्शिनी ने इटली की नौसेना के सेल ट्रेनिंग शिप ITS Palinuro के साथ PASSEX यानी Passage Exercise किया. इस दौरान दोनों जहाजों ने मिलकर समुद्री युद्धाभ्यास, कोऑर्डिनेटेड मैन्युवरिंग और सेल हैंडलिंग ड्रिल की. दोनों देशों के नौसैनिकों ने अपने अनुभव और प्रोफेशनल एक्सपर्टीज भी साझा की.
लिवोर्नो क्या है?
लिवोर्नो इटली की प्रतिष्ठित Italian Naval Academy का प्रमुख केंद्र है. यहां भारतीय नौसेना के ट्रेनी और इटली के कैडेट्स के बीच क्रॉस-डेक विजिट और बातचीत होगी. INS सुदर्शिनी को आम लोगों के लिए भी खोला जाएगा.
भारतीय नौसेना के मुताबिक, लोकायन 2026 भारत की समुद्री साझेदारी को मजबूत करने और “MAHASAGAR” Mutual and Holistic Advancement for Security and Growth Across Regions के विजन को आगे बढ़ाने की दिशा में अहम कदम है.
समुद्री परंपराओं को समझने का मौका
INS सुदर्शिनी अपनी यात्रा के दौरान लोगों के देखने के लिए भी खुली रहेगी, जिससे स्थानीय समुदाय को भारतीय नौसेना के सेलिंग ट्रेनिंग जहाज को देखने और भारत की समुद्री परंपराओं को समझने का मौका मिलेगा. लोकायन 2026 मिशन में लंबी दूरी की सेलिंग ट्रेनिंग के साथ-साथ नौसैनिक कूटनीति और अंतरराष्ट्रीय जुड़ाव भी शामिल है.
इस अभियान के दौरान सहयोगी नौसेनाओं के साथ भारतीय नौसेना की बातचीत का मकसद मजबूत समुद्री साझेदारी को बढ़ावा देना है. यह मिशन भारत के व्यापक ‘सागर’ (SAGAR) विजन ‘क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास’का भी समर्थन करता है, जो समुद्री क्षेत्र में सहयोग, सुरक्षा और टिकाऊ विकास पर केंद्रित है.



