महिला जनसुनवाई में गूंजे दुष्कर्म, दहेज और पेंशन के मामले, आयोग सदस्य ने दिए सख्त निर्देश

सीतापुर में राज्य महिला आयोग की सदस्य सुजीता कुमारी ने महिला जनसुनवाई कर दुष्कर्म, दहेज उत्पीड़न, पेंशन और अन्य शिकायतों की सुनवाई की। संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई और जांच के निर्देश दिए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: महिलाओं से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण और उनकी समस्याओं को सुनने के उद्देश्य से राज्य महिला आयोग की सदस्य सुजीता कुमारी ने शुक्रवार को सदर तहसील सभागार में महिला जनसुनवाई की। जनसुनवाई के दौरान दुष्कर्म, दहेज उत्पीड़न, पेंशन और पारिवारिक विवादों से जुड़े कई मामलों की सुनवाई की गई। आयोग सदस्य ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

दुष्कर्म और दहेज उत्पीड़न के मामलों पर जताई सख्ती

जनसुनवाई में महोली क्षेत्र की एक किशोरी से कथित दुष्कर्म के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने का मामला सामने आया। इस पर महिला आयोग सदस्य ने महोली पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, थानगांव क्षेत्र की एक महिला ने अपनी बेटी को ससुराल पक्ष द्वारा गायब किए जाने और दहेज में बाइक की मांग को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। शिकायत में महमूदाबाद पुलिस पर कार्रवाई न करने की बात भी कही गई, जिस पर आयोग सदस्य ने क्षेत्राधिकारी (सीओ) महमूदाबाद को मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बंद पेंशन की शिकायत पर तत्काल जांच के आदेश

आवास विकास क्षेत्र की एक वृद्ध महिला ने अपनी पेंशन बंद होने की शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए सुजीता कुमारी ने सदर एसडीएम को तत्काल जांच कर समस्या का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

महिलाओं को योजनाओं की भी दी गई जानकारी

जनसुनवाई के दौरान उपस्थित महिलाओं को राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। महिला आयोग ने भरोसा दिलाया कि महिलाओं की शिकायतों का निष्पक्ष और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित विभागों से लगातार समन्वय किया जाएगा।

रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर

यह भी पढ़ें: सावन के हर सोमवार स्कूल बंद करने की मांग, बरेली में DM को सौंपा गया ज्ञापन

Related Articles

Back to top button