जाजमऊ गंगा पुल पर भारी वाहनों को लेकर बड़ा फैसला, 11 सितंबर के बाद बदलेगा रूट!

उन्नाव में जाजमऊ गंगा पुल की मरम्मत के चलते भारी वाहनों के रूट डायवर्जन की तैयारी है। बक्सर पुल से आवागमन शुरू, 11 सितंबर के बाद ट्रायल डायवर्जन होगा।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  उन्नाव में जाजमऊ गंगा पुल पर भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर प्रशासन बड़ा फैसला लेने की तैयारी में है। पुल की मरम्मत को देखते हुए भारी वाहनों के रूट डायवर्जन का ट्रायल किया जाएगा। इसी सिलसिले में डीएम घनश्याम मीना ने एसपी जय प्रकाश सिंह की मौजूदगी में बक्सर गंगा पुल से फतेहपुर सीमा तक पूरे मार्ग का निरीक्षण किया।

बक्सर पुल से शुरू हुआ भारी वाहनों का आवागमन

निरीक्षण के दौरान सामने आया कि बक्सर गंगा पुल की मरम्मत का काम पूरा हो चुका है। इसके बाद पुल से लगा हाइट गेज हटा दिया गया है और अब यहां से भारी वाहनों का आवागमन शुरू कर दिया गया है। प्रशासन का फोकस इस वैकल्पिक मार्ग को भारी वाहनों के लिए सुरक्षित और सुचारु बनाने पर है।

डीएम ने फतेहपुर सीमा तक जाने वाले मार्ग में मौजूद गड्ढों और क्षतिग्रस्त पुलिया की मरम्मत के निर्देश दिए हैं। इन कामों को 16 सितंबर तक पूरा कराने को कहा गया है, ताकि संभावित डायवर्जन के दौरान वाहन चालकों को परेशानी न हो।

11 सितंबर के बाद जाजमऊ पुल पर ट्रायल डायवर्जन

प्रशासन के मुताबिक 11 सितंबर को हरतालिका तीज और बक्सर मेले के बाद जाजमऊ गंगा पुल को बंद कर भारी वाहनों के लिए ट्रायल डायवर्जन की तैयारी है। ट्रायल के दौरान वैकल्पिक रूट की स्थिति, यातायात दबाव और सुरक्षा व्यवस्था का आकलन किया जाएगा।

ट्रायल के बाद होगा अंतिम फैसला

ट्रायल डायवर्जन के परिणाम के आधार पर जाजमऊ पुल पर भारी वाहनों के यातायात को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। डीएम ने अधिकारियों को बेहतर रूट प्लान तैयार करने के साथ पर्याप्त साइनेज लगाने और किन श्रेणी के वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा, इसका स्पष्ट पैमाना तय करने के निर्देश दिए हैं। इससे डायवर्जन लागू होने की स्थिति में वाहन चालकों को पहले से मार्ग की जानकारी मिल सकेगी।

रिपोर्ट – रंजन बाजपाई, उन्नाव

यह भी पढ़ें: उन्नाव: चौकी में शराब पीते दरोगा का वीडियो वायरल, एसपी ने तुरंत किया सस्पेंड

Related Articles

Back to top button