बांदा: जांच करने गए JE को बनाया बंधक, LPG सिलेंडर से जिंदा जलाने का आरोप

बांदा के अतर्रा में बिजली चोरी की जांच करने पहुंची विद्युत विभाग की टीम को कथित रूप से बंधक बनाकर मारपीट की गई। JE ने एलपीजी सिलेंडर से जिंदा जलाने की कोशिश का आरोप लगाया, पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क : उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में बिजली चोरी की जांच के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विद्युत विभाग की टीम पर कथित रूप से हमला कर दिया गया। आरोप है कि बिजली चोरी के आरोपी और उसके परिजनों ने जांच करने पहुंचे अधिकारियों को घर के अंदर बंधक बना लिया, उनके साथ मारपीट की और एलपीजी सिलेंडर के जरिए जिंदा जलाने की कोशिश की। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर टीम को सुरक्षित बाहर निकाला।

बिजली चोरी की शिकायत की जांच करने पहुंची थी टीम

घटना अतर्रा थाना क्षेत्र के बरेहंडा गांव की है। विभाग के अनुसार, गांव निवासी राजेश कुशवाहा करीब सात महीने पहले बिना वैध बिजली कनेक्शन के आटा चक्की संचालित करते हुए बिजली चोरी के मामले में पकड़ा गया था। इस पर विभाग ने 2.25 लाख रुपये का जुर्माना लगाया था। बाद में आरोपी ने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर दोबारा जांच की मांग की। इसी के तहत एसडीओ विमलेश पटेल के निर्देश पर अवर अभियंता अजय कनौजिया के नेतृत्व में टीम जांच के लिए गांव पहुंची थी।

टीम को बनाया बंधक, JE ने लगाए गंभीर आरोप

विद्युत विभाग के अधिकारियों का आरोप है कि जांच शुरू होते ही आरोपी और उसके परिजन आक्रोशित हो गए। उन्होंने कथित तौर पर मुख्य गेट बंद कर पूरी टीम को घर के अंदर बंधक बना लिया और सरकारी कर्मचारियों के साथ मारपीट की। घायल जेई विजय बहादुर ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने एलपीजी सिलेंडर का इस्तेमाल कर टीम को जिंदा जलाने का प्रयास भी किया। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस ने सुरक्षित निकाला, दर्ज हुआ मुकदमा

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राकेश तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने टीम को सुरक्षित बाहर निकालकर घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया। मामले में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट- इक़बाल खान, बांदा

यह भी पढ़ें: यूपी में दिखने लगा अल नीनो का असर! किसानों के लिए एक्सपर्ट्स ने जारी किया बड़ा अलर्ट

Related Articles

Back to top button