मीरजापुर में रातों-रात साफ हुई ज्वेलरी दुकान, CCTV का तार काटकर ले गए DVR
मीरजापुर के बरौंधा बाजार में आभूषण एवं बर्तन की दुकान का ताला तोड़कर चोर लाखों के सोने-चांदी के गहने ले गए। बदमाश CCTV का तार काटकर DVR भी साथ ले गए। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: लालगंज थाना क्षेत्र के बरौंधा बाजार में सोमवार-मंगलवार की रात चोरों ने एक आभूषण एवं बर्तन की दुकान को निशाना बनाकर बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाश शटर और चैनल का ताला तोड़कर दुकान में घुसे और लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। वारदात को अंजाम देने से पहले उन्होंने सीसीटीवी कैमरे का तार काट दिया और डीवीआर भी अपने साथ ले गए, जिससे पहचान के साक्ष्य मिटाए जा सकें।
CCTV का तार काटकर डीवीआर भी ले गए
जानकारी के अनुसार, बरौंधा बाजार निवासी लालचंद सोनी के पुत्र पंकज सोनी की आभूषण एवं बर्तन की दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। दुकान में घुसने के बाद बदमाशों ने पहले सीसीटीवी सिस्टम को निष्क्रिय किया और डीवीआर निकालकर साथ ले गए। घटना के बाद दुकान के पीछे टूटी हुई आलमारी और गहनों के खाली डिब्बे मिले।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी अमर बहादुर, प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडेय, चौकी प्रभारी नरेंद्र कुमार यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
व्यापारियों में दहशत
चोरी की खबर फैलते ही बरौंधा बाजार में बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर व्यापारियों में चिंता का माहौल है। पीड़ित पक्ष ने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
रिपोर्ट – संतोष देव गिरी
यह भी पढ़ें: सीतापुर में यूको बैंक से महिला का बैग लेकर भागीं दो किशोरियां, लोगों ने दौड़ाकर पकड़ा



