कानपुर में घर के अंदर मजार का मामला गरमाया, धर्मांतरण के आरोपों की होगी जांच; 3 पुलिसकर्मी निलंबित

कानपुर के गुजैनी में घर के अंदर मंदिर के पास कथित मजार को लेकर विवाद बढ़ गया। परिवार ने धर्मांतरण और मारपीट के आरोप लगाए हैं। तीन पुलिसकर्मी निलंबित हुए हैं।

कानपुर के गुजैनी में घर के अंदर मंदिर के बगल में बनी कथित मजार को लेकर विवाद ने तूल पकड़ लिया है। एक दलित परिवार ने दूसरे पक्ष पर धर्मांतरण का दबाव बनाने, मारपीट करने और पलायन की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मामला थाने पहुंचा तो हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया है और पूरे मामले की जांच जारी है।

जमीन खरीदने के बाद मजार को लेकर विवाद

मामला वरुण बिहार इलाके का बताया जा रहा है। पीड़ित सोनू जाटव के अनुसार, उसने करीब दो साल पहले शिबू खान से 40 हजार रुपये में जमीन खरीदी थी। इसके बाद वहां कमरा बनाकर परिवार के साथ रहने लगा। परिवार का आरोप है कि कुछ समय बाद बच्चों की तबीयत खराब रहने लगी और इसी दौरान उन पर कथित तौर पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया। परिवार ने घर में मजार बनाए जाने, उस पर चादर चढ़ाने और पत्नी को बुर्का पहनाने के लिए दबाव देने के आरोप भी लगाए हैं।

विरोध के बाद मारपीट और धमकी का आरोप

पीड़ित परिवार का दावा है कि कथित मजार हटाने के विरोध के बाद उनके साथ मारपीट की गई और पलायन की धमकी भी दी गई। घटना की जानकारी सामने आने के बाद हिंदू संगठन के कार्यकर्ता थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि चार संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

3 पुलिसकर्मी निलंबित, जांच में जुटी पुलिस

मामले में कार्रवाई में लापरवाही के आरोपों के चलते चौकी इंचार्ज समेत दो सिपाहियों को निलंबित किया गया है। इलाके में पुलिस बल तैनात है। पुलिस के मुताबिक कथित मजार कब बनी, इसे किसने बनवाया और धर्मांतरण समेत लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही पूरे विवाद की वास्तविक तस्वीर साफ होगी।

रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा, कानपुर

यह भी पढ़ें: अपराध समीक्षा में SSP अंकिता शर्मा का सख्त संदेश, लापरवाही पर नहीं चलेगा कोई बहाना

Related Articles

Back to top button