कानपुर: CCTV से नाराज बहू ने रची ससुर की हत्या की साजिश? 6 लाख की सुपारी से खुला राज
कानपुर के कल्याणपुर में दवा कारोबारी विनीत मनोचा की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक बहू शालू ने छह लाख की सुपारी देकर हत्या की साजिश रची थी।

कानपुर: कल्याणपुर के रतन आर्बिट अपार्टमेंट में थोक दवा कारोबारी विनीत मनोचा की हत्या ने पूरे इलाके को हिला दिया। पुलिस का दावा है कि इस सनसनीखेज वारदात की साजिश किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि मृतक की बहू शालू ने रची थी। आरोप है कि घर में लगे CCTV कैमरों को लेकर नाराजगी के चलते उसने छह लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या कराई।
20 दिन चली प्लानिंग, चाबी से घर में दाखिल हुए शूटर
पुलिस के मुताबिक, शालू ने करीब 20 से 25 दिन पहले विनीत की दुकान पर काम करने वाले विशाल गौतम से संपर्क किया था। विशाल करीब 12-13 वर्षों से दुकान पर काम करता था और परिवार के घर भी आता-जाता था। आरोप है कि हत्या के लिए छह लाख रुपये में सौदा तय हुआ। इसके बाद विशाल ने एक अन्य साथी को साजिश में शामिल किया।
CCTV फुटेज के मुताबिक शनिवार रात करीब 9:40 बजे सुब्रत मनोचा पत्नी शालू और छह वर्षीय बेटे के साथ घर से निकले। करीब छह मिनट बाद दोनों आरोपी चाबी के जरिए फ्लैट में दाखिल हुए। रात 10:58 बजे विनीत घर पहुंचे और करीब आधे घंटे बाद दोनों हमलावर बाहर निकल गए।
गर्दन पर धारदार हथियार से हमला, घर में मिला खून
पुलिस के अनुसार, विनीत मनोचा की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या की गई। कमरे के फर्श और बिस्तर पर खून मिला तथा संघर्ष के निशान भी पाए गए।
रविवार तड़के करीब 4:30 बजे सुब्रत परिवार के साथ घर लौटे। दरवाजा खुला मिलने पर अंदर पहुंचे तो पिता का शव देखकर उनके होश उड़ गए। सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू की और CCTV फुटेज खंगाले।
दोनों शूटर गिरफ्तार, पूछताछ में बहू तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने रविवार देर रात मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया। पूछताछ के बाद पुलिस का शक शालू पर गया। हिरासत में पूछताछ के दौरान उसके कथित कबूलनामे के आधार पर उसे भी गिरफ्तार किया गया।
विनीत बिरहाना रोड पर बेटे के साथ फर्मा ट्रेडर्स नाम से दवा का थोक कारोबार करते थे। पुलिस अब साजिश में शामिल अन्य लोगों और पैसों के लेन-देन की जांच कर रही है।
रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा, कानपुर
यह भी पढ़ें: सीतापुर: इंजेक्शन लगते ही बिगड़ी हालत, मरीज की मौत पर निजी अस्पताल में मचा हंगामा



