MRP और खरीद कीमत में बड़ा अंतर? कानपुर में दवाओं की खरीद की जांच अब बाजार तक पहुंची

कानपुर के मेडिकल कॉलेजों में दवा खरीद की जांच अब थोक बाजार तक पहुंच गई है। ड्रग विभाग बिरहाना रोड की फर्मों के बिल, खरीद मूल्य, सप्लाई रेट और मार्जिन की जांच करेगा।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कानपुर में मेडिकल कॉलेजों के लिए खरीदी गई दवाओं की कीमतों को लेकर शुरू हुई जांच अब थोक दवा बाजार तक पहुंच गई है। मेडिकल कॉलेजों में दस्तावेजों की पड़ताल के दौरान कुछ दवाओं की एमआरपी, वास्तविक खरीद कीमत और सप्लाई रेट में अंतर सामने आने के बाद ड्रग विभाग ने संबंधित फर्मों के रिकॉर्ड खंगालने की तैयारी शुरू कर दी है।

मेडिकल कॉलेजों में जांच के बाद बढ़ा दायरा

शासन के निर्देश पर लखनऊ से आई विशेष जांच टीम ने शहर के चार मेडिकल कॉलेजों में दवाओं की खरीद और आपूर्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच की थी। टीम ने बिल, खरीद मूल्य और सप्लाई से संबंधित रिकॉर्ड खंगाले। इसी दौरान कुछ दवाओं की वास्तविक लागत और पैकेट पर दर्ज एमआरपी में अंतर पाया गया।

इसके बाद दवाओं की खरीद प्रक्रिया और निर्धारित मार्जिन को लेकर जांच आगे बढ़ाई गई है।

बिरहाना रोड की फर्मों से हुई थी सप्लाई

मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से जांच टीम को बताया गया कि संबंधित दवाएं स्थानीय थोक दवा बाजार से खरीदी गई थीं। इनमें बिरहाना रोड स्थित दवा फर्मों से आपूर्ति की जानकारी सामने आई है।

अब ड्रग विभाग इन फर्मों के बिल और खरीद संबंधी दस्तावेजों की जांच करेगा। सहायक आयुक्त गोविंद गुप्ता के अनुसार, यह देखा जाएगा कि फर्मों ने दवाएं कंपनियों से किस कीमत पर खरीदीं और मेडिकल कॉलेजों को किस रेट पर सप्लाई कीं।

खरीद मूल्य से लेकर मार्जिन तक होगी जांच

जांच में एमआरपी, वास्तविक खरीद मूल्य और मेडिकल कॉलेजों को दिए गए सप्लाई मूल्य के बीच अंतर की पड़ताल होगी। साथ ही संबंधित दवाओं पर रखे गए मार्जिन और नियमों के पालन की भी जांच की जाएगी।

अधिकारियों के मुताबिक, दस्तावेजों में अनियमितता या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल थोक फर्मों की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि कीमतों में कितना अंतर था और खरीद प्रक्रिया में नियमों का पालन हुआ या नहीं।

रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा, कानपुर

यह भी पढ़ें: न सर पर छत, न पेट में दाना! बारिश में उजड़े करीब 50 परिवार, DM से बोले- साहब अब कहां जाएं?

Related Articles

Back to top button