कारगिल विजय दिवस: नौतनवा में गूंजा देशभक्ति का स्वर, वीर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को नौतनवा नगर में देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए एक भावपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को नौतनवा नगर में देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए एक भावपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

नगर के छपवा तिराहे स्थित शहीद स्थल पर आयोजित इस कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के अमर शहीद पूरन बहादुर थापा एवं प्रदीप थापा की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में नगरवासियों ने भाग लेकर शहीदों के अदम्य साहस, वीरता और राष्ट्र के प्रति उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले सभी वीर सैनिकों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंगा दिखाई दिया और “भारत माता की जय” तथा “वंदे मातरम्” के जयघोष से शहीद स्थल गूंज उठा।

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद नौतनवा के अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक तिथि नहीं, बल्कि भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1999 में कारगिल की दुर्गम पहाड़ियों पर भारतीय सैनिकों ने कठिन परिस्थितियों में दुश्मनों को परास्त कर देश की सीमाओं की रक्षा की थी। यह विजय भारत के वीर जवानों के अद्वितीय पराक्रम और अटूट संकल्प का प्रमाण है।

पालिकाध्यक्ष ने कहा कि कारगिल युद्ध में नौतनवा नगर के वीर सपूत शहीद पूरन बहादुर थापा एवं शहीद प्रदीप थापा ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका त्याग और शौर्य पूरे नगर के लिए गर्व का विषय है तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह शहीदों के बलिदान को कभी न भूले और राष्ट्र की एकता, अखंडता तथा सम्मान की रक्षा के लिए सदैव समर्पित रहे।

उन्होंने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि देश के वीर सैनिकों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें तथा समाज और देश के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि शहीदों का सम्मान केवल श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर उनके अमर बलिदान को नमन किया और देश की सुरक्षा में भारतीय सेना के योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला तथा उपस्थित लोगों ने शहीदों के परिजनों के प्रति सम्मान भी व्यक्त किया।

इस अवसर पर नायब तहसीलदार सुदेव पटेल, सभासद अनिल मद्धेशियाधर्मात्मा जायसवालअजय दूबेसुरेन्द्र बहादुर जायसवालअनिल जायसवालअभय कुमारराहुल दूबेअशोक रौनियारलल्लू जायसवालरवि त्रिपाठीसंतोष पाण्डेयप्रमोद पाठकराजकुमार गौड़, लिपिक संतोष श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं नगरवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित और शहीदों के सम्मान के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने कहा कि कारगिल के अमर वीरों का बलिदान सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा और देशभक्ति के लिए प्रेरित करता रहेगा तथा उनका नाम इतिहास के स्वर्णिम पन्नों में सदैव अमर रहेगा।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

Related Articles

Back to top button