तेलंगाना में नई राजनीतिक पार्टी बनाएंगी के कविता, चंद्रशेखर राव की बेटी का बड़ा एलान

नई दिल्ली। भारत राष्ट्र समिति की पूर्व सदस्य और के चंद्रशेखर राव की बेटी, के कविता तेलंगाना में एक नई पार्टी बनाने जा रही हैं।
के कविता ने यह एलान तब किया, जब दिल्ली की एक कोर्ट ने उन्हें और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत 23 लोगों को दिल्ली शराब घोटाले के मामले में बरी कर दिया।
के कविता बनाएंगी नई पार्टी
दिल्ली शराब घोटाले में बरी होने के बाद के कविता तिरुमाला में तिरुपति बालाजी मंदिर गईं। एएनआई से बात करते हुए के कविता ने कहा, ‘मुझे उम्मीद है कि भगवान बालाजी के आशीर्वाद से हम जल्द ही तेलंगाना राज्य में एक पॉलिटिकल पार्टी बनाने जा रहे हैं।
के कविता ने आगे कहा, ‘पूरे देश ने देखा है कि कैसे हमारे साथ इस तरह का भेदभाव किया गया है और कैसे केंद्र सरकार एजेंसियों के जरिए हमें इस तरह की विच हंट का शिकार बनाया जाता है।’
महिलाओं का मांगा साथ
के कविता ने कहा, ‘मुझे उम्मीद है कि पूरा देश और खासकर इस देश की महिलाएं, मेरे साथ खड़ी होंगी। मुझे विश्वास है कि तेलंगाना के लोग मुझे आशीर्वाद देंगे।’ के कविता ने बताया, ‘पार्टी तेलंगाना के लोगों के लिए काम करने वाली एक रीजनल पार्टी होगी।’
केंद्र सरकार पर साधा निशाना
दिल्ली शराब घोटाले के मामले के बारे में बात करते हुए के कविता ने इसे ‘विच हंट’ कहा और केंद्र पर विपक्षी राजनीतिक पार्टियों को टारगेट करने का आरोप लगाया।
के कविता ने कहा, ‘जिस तरह से इस देश में राजनीतिक विच हंट हुआ है, जिस तरह से हमें सिर्फ इसलिए टारगेट किया गया है क्योंकि हम एक अलग राजनीतिक पार्टी से हैं। यह इस देश में बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है और न्यायपालिका ने झूठ के इस जाल को देख लिया है और हम सभी को बरी कर दिया है।’

Related Articles

Back to top button