‘केशव मौर्य को घिसा-पिटा हेलिकॉप्टर दिया, जान बच गई’, अखिलेश यादव का योगी सरकार पर तंज!

अखिलेश यादव ने कहा, "वो स्वस्थ रहें और ऐसी घटना किसी के साथ नहीं होनी चाहिए. क्योंकि मशीन है और उस मशीन में हम सब उड़ते हैं.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: दोस्तों सूबे की सियासत में नेताओं के एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला लगातार जारी है।एक तरफ जहां सीएम योगी और बीजेपी नेता हैं जो की अपना ओहदा और झूठी शान बनाने के लिए बड़े-बड़े दावे करते हैं तो वहीं दूसरी तरफ विपक्षी है जो बीजेपी को घेरने से पीछे नहीं हटता।

इसी बीच एक ऐसी घटना हुई जिसे लेकर सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। जिस पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी योगी सरकार पर निशाना साधते हुए गंभीर आरोप लगाए। दरअसल हाल ही में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य लखनऊ से कौशांबी के लिए हेलिकॉप्टर से रवाना हुए थे।

उड़ान के कुछ देर बाद लगभग 2000 फीट की ऊंचाई पर हेलिकॉप्टर का डिस्प्ले अचानक बंद हो गया और अंदर धुआं भरने लगा था। स्थिति को देखते हुए पायलट ने तुरंत लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क कर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। इसके बाद हेलिकॉप्टर को वापस लखनऊ एयरपोर्ट लाया गया। और सुबह करीब 11:15 बजे सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। हेलिकॉप्टर में डिप्टी सीएम समेत कुल छह लोग सवार थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

वहीं आज एक बार फिर ऐसा ही कुछ हुआ जिसने सियासी हलचल को बढ़ा दिया। दरअसल लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सोमवार को इंडिगो की लखनऊ से कोलकाता जाने वाली उड़ान तकनीकी खराबी के कारण करीब एक घंटे देरी से रवाना हुई। तकनीकी खराबी आने के बाद विमान को रनवे से पहले ही रोक दिया गया।

इंजीनियरिंग टीम को बुलाकर जांच कराई गई। सामने आई जानकारी के मुताबिक, विमान में आई खराबी के कारण यात्रियों को विमान के अंदर ही इंतजार करना पड़ा। इसी विमान में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री भी यात्रा कर रहे थे, जो अन्य यात्रियों के साथ करीब एक घंटे तक विमान में ही फंसे रहे। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, तकनीकी टीम द्वारा जांच और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही विमान को उड़ान की अनुमति दी गई।

लेकिन इस मामले के सामने आने के बाद से सियासी हलचल तेज हो गई और इससे पहले हुई तकनीकी खराबी को लेकर अखिलेश यादव ने जोरदार हमला बोला था। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी को लेकर जब पत्रकारों ने अखिलेश यादव से सवाल किया, तो उनका जवाब राजनीति से ऊपर उठकर मानवीय संवेदनाओं से भरा हुआ था. उन्होंने राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता को दरकिनार करते हुए केशव मौर्य के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की.

अखिलेश यादव ने कहा, “वो स्वस्थ रहें और ऐसी घटना किसी के साथ नहीं होनी चाहिए. क्योंकि मशीन है और उस मशीन में हम सब उड़ते हैं. हम सब चलते हैं. मशीन हमेशा अच्छी होनी चाहिए.”

वहीं साथ ही अखिलेश यादव ने एक जगह कहा कि जानकारी मिल रही है कि उड़ान के दौरान हेलिकॉप्टर में धुआं भर गया था और आग लगने जैसी स्थिति बन गई थी। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रोटोकॉल के तहत डिप्टी सीएम को नया हेलिकॉप्टर मिलना चाहिए था, लेकिन उन्हें पुराना और खराब हेलिकॉप्टर क्यों दिया गया।

अखिलेश यादव रविवार को लखनऊ के जानकीपुरम क्षेत्र में समाजसेवी मेवालाल के घर पहुंचे थे, जहां उनके बेटे की शादी का कार्यक्रम था। इसी दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने यह बयान दिया। सपा प्रमुख ने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि डिप्टी सीएम “पीडीए” वर्ग से आते हैं।

गौरतलब है कि केशव के मामले को लेकर अखिलेश यादव ने जिस तरह से सवाल किये हैं ये राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। PDA का नाम लेकर अखिलेश का यूँ सवाल उठाना बीजेपी के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकता है।

Related Articles

Back to top button