चेयरमैन प्रतिनिधि और सभासद प्रतिनिधि भिड़े, सांसद ने CCTV सुरक्षित रखने को कहा

सीतापुर के खैराबाद नगर पालिका की बोर्ड बैठक में जमकर हंगामा हुआ। चेयरमैन प्रतिनिधि और सभासद प्रतिनिधि में विवाद, प्रोसीडिंग बुक और बजट पर भी नहीं बनी सहमति।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर के खैराबाद में नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक उस समय हंगामे में बदल गई, जब चेयरमैन प्रतिनिधि और सभासद प्रतिनिधि के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। बैठक में मौजूद सांसद राकेश राठौर ने विवाद की स्थिति स्पष्ट करने के लिए CCTV फुटेज सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। वहीं प्रोसीडिंग बुक में खाली पन्ने छोड़े जाने का मामला भी गरमा गया।

चेयरमैन प्रतिनिधि ने लगाए गंभीर आरोप

बैठक शुरू होते ही चेयरमैन प्रतिनिधि अभिषेक गुप्ता और कमाल सराय वार्ड की सभासद के प्रतिनिधि जहीर अहमद के बीच कहासुनी हो गई। चेयरमैन प्रतिनिधि का आरोप है कि जहीर अहमद पालिका अध्यक्ष बेबी गुप्ता के पास पहुंचे और विवाद के दौरान उन पर हमला करने की कोशिश की। जहीर पक्ष ने इन आरोपों को खारिज किया है। हंगामा बढ़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची। अध्यक्ष की ओर से जहीर के खिलाफ पुलिस को तहरीर भी दी गई है।

प्रोसीडिंग बुक में खाली पन्नों पर सवाल

बैठक में बोर्ड की प्रोसीडिंग बुक का मुद्दा भी उठा। सांसद राकेश राठौर ने कार्रवाई दर्ज होने और हस्ताक्षर के बाद खाली पन्ने छोड़े जाने पर सवाल उठाते हुए इसे गंभीर विषय बताया। ईओ प्रेम शंकर गुप्ता ने इसे कर्मचारियों की लिपिकीय त्रुटि बताया और दो लिपिकों को नोटिस देने की बात कही। सांसद ने अधिकारियों से इस मामले में जवाब मांगा।

नजूल भूमि पर भी सामने आई खींचतान

बैठक के दौरान नजूल भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर पालिका प्रशासन और सभासदों के बीच मतभेद भी सामने आए। हंगामे के बीच बजट पर बहुमत नहीं बन सका, जिसके बाद बैठक स्थगित कर दी गई। थाना प्रभारी अनिल सिंह ने बताया कि तहरीर के मामले में जांच की जा रही है।

रिपोर्ट- वली चौधरी, सीतापुर

यह भी पढ़ें: उन्नाव में पेड़ पर चढ़ा युवक, नीचे खड़ी भीड़ पर बरसाने लगा ईंट-पत्थर; पुलिस ने ऐसे उतारा

Related Articles

Back to top button