तेज बहाव वाली नहर में कूदे दो छात्र, बचाई महिला की जान; SP ने किया सम्मानित

महराजगंज के निचलौल में कक्षा 10 के कृष्णा और सद्दाम ने तेज बहाव वाली नहर में कूदकर महिला की जान बचाई। SP शक्ति मोहन अवस्थी ने दोनों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: महराजगंज के निचलौल में संकट की घड़ी में कक्षा 10 के दो छात्रों ने ऐसा साहस दिखाया, जिसकी मिसाल दी जा रही है। तेज बहाव वाली नहर में जिंदगी के लिए जूझ रही महिला को देखकर कृष्णा गुप्ता और सद्दाम हुसैन ने अपनी जान की परवाह नहीं की और नहर में छलांग लगा दी। दोनों ने महिला को सुरक्षित बाहर निकालकर उसकी जान बचा ली।

पुलिस के पहुंचने से पहले छात्रों ने बचाई जान

मामला निचलौल थाना क्षेत्र का है। महिला के नहर में कूदने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही मसीह सेवाश्रम इंटर कॉलेज के कक्षा 10 के छात्र कृष्णा गुप्ता और सद्दाम हुसैन ने मदद के लिए कदम बढ़ा दिया।

सेखुई निवासी कृष्णा और कोहड़वल निवासी सद्दाम तेज बहाव वाली नहर में उतर गए। जोखिम भरे हालात में दोनों ने महिला को बचाने का प्रयास किया और आखिरकार उसे सकुशल बाहर निकाल लिया।

छोटी उम्र, बड़ा हौसला

दोनों किशोरों की बहादुरी ने न सिर्फ एक जिंदगी बचाई, बल्कि यह भी दिखाया कि मदद करने का जज्बा उम्र का मोहताज नहीं होता। उनके साहस की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।

SP ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

12 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दोनों छात्रों को बुलाकर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया और उनके साहस की सराहना की।

एसपी ने कहा कि दोनों छात्रों ने बिना किसी स्वार्थ के अपनी जान जोखिम में डालकर महिला की मदद की। उनका यह कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने दोनों के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: चेयरमैन प्रतिनिधि और सभासद प्रतिनिधि भिड़े, सांसद ने CCTV सुरक्षित रखने को कहा

Related Articles

Back to top button