लीबिया-जार्डन की नौकरी और मोटी सैलरी का झांसा, हाथ में थमा दिया फर्जी वीजा-टिकट

गोरखपुर में लीबिया-जार्डन में नौकरी दिलाने के नाम पर 2.21 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया। पुलिस ने फर्जी वीजा-टिकट देने के आरोपी धनंजय सिंह को गिरफ्तार किया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: विदेश में नौकरी और बेहतर कमाई का सपना दिखाकर बेरोजगार युवाओं को ठगी के जाल में फंसाने वाले एक आरोपी को शाहपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि बिहार के रहने वाले धनंजय सिंह ने सिद्धार्थनगर के एक युवक से लीबिया और जार्डन में नौकरी दिलाने के नाम पर 2.21 लाख रुपये लिए। इसके बाद फर्जी वीजा और एयर टिकट थमा दिया। दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर युवक को फर्जीवाड़े का पता चला।

परिचित के जरिए हुई थी आरोपी से मुलाकात

पुलिस के अनुसार सिद्धार्थनगर निवासी 30 वर्षीय रविशंकर मिश्रा नौकरी की तलाश में गोरखपुर आया था। इसी दौरान एक परिचित के माध्यम से उसकी मुलाकात धनंजय सिंह से हुई। आरोपी ने विदेश में अच्छे पैकेज पर नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उसे विश्वास में लिया।

आरोप है कि रविशंकर ने आरोपी को 2.21 लाख रुपये दे दिए। इसके बाद नौकरी के नाम पर उसे कई दिनों तक टालता रहा। रुपये वापस मांगने पर भी कथित तौर पर बहाने बनाए जाते रहे।

दिल्ली एयरपोर्ट पर खुला फर्जी वीजा का राज

पुलिस के मुताबिक लगातार दबाव बनाने के बाद आरोपी ने रविशंकर को वीजा और एयर टिकट दिए। जब वह दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा तो जांच में दोनों दस्तावेज फर्जी निकले। इसके बाद युवक ने आरोपी से रकम वापस मांगी।

रविशंकर का आरोप है कि इस पर आरोपी ने उसे धमकी दी और गाली-गलौज की। रुपये मांगने आरोपी के घर पहुंचने पर मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया है।

दिल्ली में बना रखा था ठिकाना, पुलिस ने दबोचा

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सिवान जिले के ताड़ी बाजार, हरनाथपुर निवासी धनंजय सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसने दिल्ली के रोहिणी क्षेत्र में भी ठिकाना बना रखा था और विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं को निशाना बनाता था।

रविशंकर ने 28 फरवरी 2026 को शाहपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी अंजय कुमार सिंह के मुताबिक अभी एक शिकायत मिली है। अन्य पीड़ित सामने आते हैं तो उनकी शिकायतों की भी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट -अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: तिरंगे के साथ सड़कों पर उतरा कौड़ीराम, देशभक्ति के नारों से गूंज उठा पूरा नगर

Related Articles

Back to top button