1 लाख रुपये के उधार ने ली सराफा व्यापारी की जान, पुलिस ने 24 घंटे में खोला हत्याकांड का राज
गोरखपुर के बेलीपार में सराफा व्यापारी रामलाल वर्मा की हत्या का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा किया। एक लाख रुपये के उधार को लेकर रची गई साजिश में तीन आरोपी गिरफ्तार, चौथे की तलाश जारी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: महज एक लाख रुपये का उधार 70 वर्षीय सराफा व्यापारी रामलाल वर्मा की जिंदगी पर भारी पड़ गया। बेलीपार क्षेत्र में हुई इस सनसनीखेज हत्या का गोरखपुर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक किशोर समेत तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि चौथे आरोपी की तलाश जारी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि लगातार उधार वापस मांगने से परेशान मुख्य आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी।
उधार के तगादे से परेशान होकर रची गई हत्या की साजिश
एसपी साउथ दिनेश कुमार पुरी के अनुसार, मलांव निवासी प्रिंस पांडेय ने कुछ समय पहले बाइक खरीदने के लिए रामलाल वर्मा से एक लाख रुपये उधार लिए थे। रकम वापस न करने पर व्यापारी लगातार तगादा कर रहे थे। इससे छुटकारा पाने के लिए प्रिंस ने अपने ममेरे भाई अंशु दुबे और अन्य साथियों के साथ हत्या की योजना बनाई।
बुधवार सुबह वह रामलाल को दुकान छोड़ने के बहाने बाइक पर बैठाकर कनइल कसिहार बंधे के पास स्थित मंदिर ले गया। वहां अंशु ने पीछे से पकड़ लिया और प्रिंस ने गर्दन पर चाकू से कई वार कर हत्या कर दी। इसके बाद शव को राप्ती नदी में फेंक दिया गया।
CCTV फुटेज और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला राज
जांच के दौरान कौड़ीराम से कसिहार तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में रामलाल दो युवकों के साथ बाइक पर जाते दिखाई दिए। इसी सुराग के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पोस्टमार्टम में गर्दन पर चाकू के छह गहरे घाव मिलने से हत्या की पुष्टि हुई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त बाइक, लूटी गई सोने की चेन, अंगूठी, लॉकेट, 6,595 रुपये नकद, मृतक का पैन और आधार कार्ड बरामद किया है। जांच में एक 15 वर्षीय किशोर की संलिप्तता भी सामने आई है।
व्यापारियों में आक्रोश, बाजार रहा बंद
रामलाल वर्मा बांसगांव क्षेत्र के धस्का भटास गांव के निवासी थे और मलांव में सोने-चांदी की दुकान चलाते थे। हत्या के विरोध में गुरुवार को मलांव चौराहे का बाजार बंद रहा। व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं, पुलिस का कहना है कि फरार चौथे आरोपी की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: रेलकर्मियों के बच्चों ने मंच पर मचाया धमाल, आज मिलेगा हुनर का सबसे बड़ा सम्मान



