पहली ही बारिश में डूबा महमूदाबाद! नाला सफाई के दावों की खुली पोल

सीतापुर के महमूदाबाद में पहली तेज बारिश के बाद कई मोहल्लों, बाजारों और अस्पताल परिसर में जलभराव हो गया। लोगों ने नाला सफाई अभियान पर सवाल उठाते हुए नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई और आंदोलन की चेतावनी दी।

मानसून की पहली तेज बारिश ने सीतापुर के महमूदाबाद नगर क्षेत्र में नगर पालिका की तैयारियों की पोल खोल दी। कुछ घंटों की बारिश के बाद कई प्रमुख सड़कें, बाजार और रिहायशी इलाके जलमग्न हो गए। जलभराव के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, जबकि व्यापारियों ने नुकसान और नागरिकों ने जलनिकासी व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

बाजारों और अस्पताल परिसर में भरा पानी

बारिश के बाद रामकुंड चौराहा स्थित कई दुकानों में पानी घुस गया, जिससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान हुआ। नई बाजार उत्तरी और दक्षिणी की सड़कें तालाब जैसी दिखाई दीं। सरकारी अस्पताल परिसर में भी जलभराव होने से मरीजों और उनके तीमारदारों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

कई मोहल्लों में सड़कों पर बहा गंदा पानी

बेलदारी टोला, कटरा, सरावगी और आमिरगंज समेत कई इलाकों में नालियों का गंदा पानी सड़कों पर भर गया। वहीं बस स्टॉप, मोतीपुर और श्यामदासपुर क्षेत्रों में जलभराव के कारण यातायात प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाला सफाई अभियान केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित रहा और जमीनी स्तर पर अपेक्षित काम नहीं हुआ।

लोगों ने दी आंदोलन की चेतावनी

जलनिकासी व्यवस्था को लेकर नाराज व्यापारियों और नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करेंगे। फिलहाल नगर पालिका की ओर से इस मामले पर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

रिपोर्ट- वली चौधरी, सीतापुर

यह भी पढ़ें: सीतापुर होटल केस में नया मोड़, पति पर दर्ज हुआ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा

Related Articles

Back to top button