कानपुर: बिरहाना रोड मार्केट की 6 मंजिला इमारत में भीषण आग, कई परिवार फंसे
कानपुर के सबसे व्यस्त और प्रमुख बाजार बिरहाना रोड मार्केट में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक 6 मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कानपुर के सबसे व्यस्त और प्रमुख बाजार बिरहाना रोड मार्केट में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक 6 मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी, जिसने देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया।
यह इमारत शहर के सबसे बड़े मोबाइल रिपेयरिंग और एक्सेसरीज मार्केट के रूप में जानी जाती है। आग सबसे पहले मोबाइल एक्सेसरीज के गोदाम में लगी, जहां भारी मात्रा में ज्वलनशील सामान मौजूद था। इसी कारण आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही समय में कई मंजिलों तक पहुंच गई। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, इस हादसे में करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है।
इमारत की ऊपरी दो मंजिलों पर रिहायशी फ्लैट बने हुए हैं, जहां कई परिवार रहते हैं। आग लगने के समय कई लोग अंदर मौजूद थे, जिसके चलते उनके फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों में अफरा-तफरी का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का प्रयास जारी है। हालांकि, आग की भयावहता को देखते हुए और दमकल गाड़ियों की आवश्यकता महसूस की जा रही है। बचाव कार्य के साथ-साथ फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिशें भी जारी हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के बाद इलाके में धुएं का गुबार फैल गया, जिससे आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई। पुलिस भी मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित करने और राहत कार्य में सहयोग कर रही है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घटनास्थल से दूर रहें ताकि बचाव कार्य में किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो। फिलहाल आग पर काबू पाने और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का काम प्राथमिकता पर किया जा रहा है। घटना के विस्तृत कारणों की जांच बाद में की जाएगी।
रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा, कानपुर



