अफगानिस्तान के खिलाफ मानव सुथार ने किया डेब्यू

- 15 वर्षों में पहली बार अश्विन-जडेजा के बिना उतरी भारतीय टीम
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
मुल्लांपुर। भारत और अफगानिस्तान के बीच मुल्लांपुर में एकमात्र टेस्ट मुकाबला खेला जा रहा है। भारत ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया है। राजस्थान के खेल जगत और विशेष रूप से श्रीगंगानगर जिले के लिए शनिवार का दिन सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया है। मरुधरा की मिट्टी से निकले बेहतरीन बाएं हाथ के ऑर्थोडॉक्स स्पिन ऑलराउंडर मानव सुथार ने फगानिस्तान के खिलाफ मुल्लानपुर (न्यू चंडीगढ़) में शुरू हुए वन-ऑफ टेस्ट मैच में भारतीय क्रिकेट टीम के लिए अपना ऑफिशियल टेस्ट डेब्यू कर लिया है। मैदान पर उतरते ही मानव सुथार भारत की तरफ से टेस्ट खेलने वाले 319वें खिलाड़ी बन गए हैं। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद से ही पूरे राजस्थान के खेल प्रेमियों और उनके पैतृक जिले श्रीगंगानगर में जश्न का माहौल देखा जा रहा है।
मानव सुथार को टॉस से पहले कुलदीप यादव ने टेस्ट कैप पहनाई। मानव 2021 में अक्षर पटेल के बाद भारत के लिए टेस्ट डेब्यू करने वाले पहले विशेषज्ञ स्पिनर हैं। राजस्थान के 23 वर्षीय लेफ्ट ऑर्म स्पिनर मानव सुथार ने 29 प्रथम श्रेणी मैच में 129 विकेट लिए हैं। वहीं, दलीप ट्रॉफी के डेब्यू मैच में उन्होंने 49 रन देकर सात विकेट झटके थे। इतना ही नहीं, मानव भारत ए के लिए खेल चुके हैं। भारत ए की ओर से उन्होंने चार मैचों में 17 विकेट लिए हैं। वहीं पिछले 15 वर्षों में यह पहली बार है जब भारतीय टीम घरेलू टेस्ट मैच में रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा के बिना उतरी है। नवंबर 2010 में न्यूजीलैंड के खिलाफ नागपुर टेस्ट के बाद ये दोनों गेंदबाज घरेलू मैदान पर हुए टेस्ट मैच में भारत की प्लेइंग-11 का हिस्सा रहे हैं। नवंबर 2010 के बाद 69 घरेलू टेस्ट मैचों में अश्विन या जडेजा में से कोई या दोनों भारतीय एकादश में शामिल रहे हैं। अश्विन अब क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, जबकि इस मैच के लिए जडेजा को टीम में नहीं चुना गया था। मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने बताया था कि जडेजा को बाहर नहीं किया गया है, बल्कि उन्हें आराम दिया गया है।
पिछले नौ मैचों में दूसरी बार भारत ने जीता टॉस
इस मैच में भारतीय कप्तान शुभमन गिल टॉस जीतने में सफल रहे। नौ टेस्ट में से यह दूसरा ही मौका है जब गिल इस प्रारूप में टॉस जीतने में सफल हुए हैं। वहीं, यह लगातार चौथी बार है जब अफगानिस्तान ने टॉस गंवाया है। यह मैच मुल्लांपुर के महाराजा यदविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस स्टेडियम में पहली बार टेस्ट मैच हो रहा है। इसके साथ ही न्यू चंडीगढ़ भारतीय पुरुष टीम का 31वां टेस्ट वेन्यू बन गया है।



