भाजपा और आरएसएस में फैली बीमारी नीचे तक पहुंची: मणिकम

- भाजपा अध्यक्ष की टीवीके प्रमुख व अभिनेत्री तृषा पर की गई टिप्पणी से भड़के कांग्रेस सांसद
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन द्वारा तमिलगा वेट्री कजग़म (टीवीके) प्रमुख विजय और अभिनेत्री तृषा के बारे में की गई टिप्पणी पर तीखा प्रहार करते हुए इसे घटिया और अस्वीकार्य बताया और कार्रवाई की मांग की। टैगोर ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि भाजपा और आरएसएस में फैली बीमारी जिला स्तर तक, विशेषकर तमिलनाडु में फैल रही है। नागेंद्रन ने महिलाओं के खिलाफ ऐसे शब्द कहे हैं जो किसी राजनीतिक नेता को नहीं बोलने चाहिए। टैगोर ने कहा कि करूर से निर्वाचित सांसद के साथ भाजपा के जिला सचिव और जिला अध्यक्षों द्वारा एक सार्वजनिक सभा में जो किया गया है, वह अस्वीकार्य है। एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मुझे उम्मीद है कि तमिलनाडु पुलिस इस तरह की घटिया हरकत करने वालों को गिरफ्तार करेगी।
सभी दलों से निंदा का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि हम सभी को इस तरह के व्यवहार की निंदा करनी चाहिए, जो हर तरह के लोग करते हैं और महिलाओं का अपमान करते हैं, खासकर एक सांसद का, साथ ही किसी भी आम महिला का। चाहे वह किसी भी पेशे में हो, चाहे पत्रकारिता में हो, शिक्षक हो या कोई भी महिला हो, उसके साथ इस तरह का व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए, जैसा कि आरएसएस और भाजपा लगातार कर रहे हैं और प्रधानमंत्री मोदी इस पर चुप्पी साधे हुए हैं। यह विवाद तब शुरू हुआ जब नागेंद्रन ने हाल ही में विजय की आलोचना करते हुए तृषा के बारे में व्यक्तिगत टिप्पणी की। विजय ने अपनी राजनीतिक पार्टी, तमिलगा वेट्री कजग़म (टीवीके) लॉन्च की है। तृषा और विजय ने कई फिल्मों में साथ काम किया है। डीएमके राज्यसभा सांसद कनिमोझी एनवीएन सोमू ने कहा कि राजनीति में सक्रिय किसी व्यक्ति के निजी जीवन की आलोचना करना असभ्य और महिलाओं के लिए अपमानजनक है।



