मौलाना की मुसलमानों को दो टूक नसीहत, बोले- बात-बात पर मोदी-योगी को गाली देने से बचें
बरेली के मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने मुसलमानों से मोदी-योगी की नकारात्मक चर्चा से बचने और भाजपा विरोध की राजनीति से आगे बढ़कर शिक्षा, रोजगार व विकास पर ध्यान देने की अपील की।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने मुस्लिम समाज से राजनीतिक सोच में बदलाव लाने की अपील की है। प्रेस को जारी बयान में उन्होंने कहा कि मुसलमानों को हर जगह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नकारात्मक चर्चा करने के बजाय शिक्षा, रोजगार और विकास जैसे मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
मौलाना ने कहा कि भाजपा का विरोध करना सिर्फ मुसलमानों की जिम्मेदारी नहीं है। उनके मुताबिक, खुद को सेक्युलर कहने वाले राजनीतिक दलों को भी अपनी भूमिका पर विचार करना चाहिए।
सपा समेत विपक्षी दलों पर लगाए आरोप
मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने समाजवादी पार्टी और अन्य कथित सेक्युलर दलों पर मुसलमानों को भाजपा के खिलाफ लामबंद करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इससे राजनीतिक दलों को लाभ मिला, जबकि मुस्लिम समाज विकास के मुद्दों पर पीछे रह गया।
उन्होंने सपा के राजनीतिक रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुस्लिम परिवारों के निजी कार्यक्रमों में भाजपा नेताओं को बुलाने पर विरोध या बहिष्कार जैसी बातें सामने आती हैं। उन्होंने सपा के पुराने राजनीतिक संबंधों का हवाला देते हुए पार्टी पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया।
शिक्षा और रोजगार पर ध्यान देने की अपील
मौलाना ने कहा कि मुस्लिम समाज को किसी राजनीतिक दल के प्रभाव में आकर अपना भविष्य तय नहीं करना चाहिए। उन्होंने लोगों से शिक्षा, रोजगार, कारोबार और नई पीढ़ी के बेहतर भविष्य को प्राथमिकता देने की अपील की।
उन्होंने दावा किया कि लंबे समय से चली आ रही विरोध-प्रदर्शन की राजनीति का नुकसान आम लोगों को उठाना पड़ा है। उनके अनुसार, कई आंदोलनों में लोगों को मुकदमों और जेल जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ा।
मौलाना ने स्पष्ट किया कि भाजपा का विरोध या समर्थन करना हर व्यक्ति का राजनीतिक अधिकार है, लेकिन समाज को अपनी दिशा तय करते समय सामाजिक और आर्थिक विकास को प्राथमिकता देनी चाहिए।
रिपोर्ट: सुनील सक्सेना, बरेली
यह भी पढ़ें: शिव पूजा को लेकर विवाद के बाद बड़ा फैसला, जमीला बनीं ज्योति और बरेली में लिए सात फेरे



