बारिश में भीगा, चूहों ने कुतरा… मीरजापुर में सरकारी केंद्र पर अनाज की बर्बादी पर सवाल
मीरजापुर के जमालपुर क्षेत्र में सरकारी गेहूं खरीद केंद्र पर सैकड़ों कुंटल अनाज बर्बाद होने का आरोप है। बारिश और चूहों से गेहूं खराब होने की बात सामने आई, लोगों ने जांच और जिम्मेदारी तय करने की मांग की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: जिस अनाज को किसान महीनों की मेहनत के बाद खेतों से निकालता है, उसके सड़ने की खबर मीरजापुर में व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। जमालपुर विकास खंड क्षेत्र में चौकियां संघ द्वारा संचालित सरकारी गेहूं खरीद केंद्र पर सैकड़ों कुंटल गेहूं बर्बाद होने का आरोप सामने आया है। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठन ने समय पर उठान न होने को इसकी वजह बताया है।
बारिश और चूहों से खराब हुआ गेहूं होने का दावा
आरोप है कि खरीद केंद्र से समय पर गेहूं का उठान नहीं किया गया, जिससे बोरियां खुले में पड़ी रहीं। बारिश में भीगने के कारण बड़ी मात्रा में गेहूं खराब हो गया। वहीं, चूहों द्वारा बोरियों को कुतरने से भी अनाज नष्ट होने की बात कही जा रही है।
बताया गया कि खराब गेहूं अब भी बोरियों में भरकर केंद्र परिसर में अलग-अलग स्थानों पर पड़ा है। हालांकि, कितनी मात्रा में गेहूं खराब हुआ है, इसकी आधिकारिक पुष्टि और जिम्मेदारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
अन्नदाता की मेहनत बर्बाद, जिम्मेदारी तय करने की मांग
मामले को लेकर लोगों ने सवाल उठाया है कि सरकारी खरीद के बाद अनाज की सुरक्षित ढुलाई और भंडारण की जिम्मेदारी किसकी है। किसानों की मेहनत से उपजा अनाज इस तरह खराब होने पर नुकसान की जवाबदेही तय करने की मांग की जा रही है।
अन्नदाता मंच के संयोजक चौधरी रमेश सिंह का कहना है कि खरीद केंद्रों की अव्यवस्था की शिकायतों के समाधान के बजाय कई बार केंद्र बंद कर दिए जाते हैं, जिसका सीधा असर किसानों पर पड़ता है।
जांच और कार्रवाई की उठी मांग
स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की जांच कर खराब हुए गेहूं की वास्तविक मात्रा का आकलन करने और जिम्मेदार अधिकारियों या संबंधित लोगों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।
उनका कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए खरीद केंद्रों पर समयबद्ध उठान, सुरक्षित भंडारण और नियमित निगरानी की व्यवस्था जरूरी है। जांच में लापरवाही मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है।
रिपोर्ट – संतोष देव गिरी, मिर्ज़ापुर
यह भी पढ़ें: रक्षाबंधन की रात बरेली में खूनी खेल, भाजपा नेता की चाकुओं से गोदकर हत्या



