मृत पशु को लेकर निकला था अंश, रास्ते में हुआ ऐसा हादसा कि मच गई चीख-पुकार

मिर्जापुर के लालगंज में मृत भैंस का पाड़ा लेकर जंगल जा रहा ट्रैक्टर अचानक पलट गया। हादसे में 16 वर्षीय अंश बिंद की दबकर मौके पर ही मौत हो गई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: लालगंज थाना क्षेत्र के रानीबारी गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। मृत भैंस के पाड़े को ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लादकर जंगल की ओर ले जा रहा 16 वर्षीय किशोर हादसे का शिकार हो गया। अचानक ट्रैक्टर पलटने से वह उसके नीचे दब गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।

गुल्ला टूटने से अनियंत्रित हुआ ट्रैक्टर

रानीबारी निवासी ओमप्रकाश बिंद का बेटा अंश बिंद मृत भैंस के पाड़े को ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लादकर कुशियरा जंगल की ओर गया था। बताया गया कि रास्ते में अचानक ट्रैक्टर का गुल्ला टूट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।

ट्रैक्टर पलटने के दौरान अंश उसके नीचे दब गया। गंभीर रूप से दबने के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

मौके पर पहुंची पुलिस, शव पोस्टमार्टम को भेजा

हादसे की सूचना मिलते ही लालगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए किशोर के शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के घर में मातम छा गया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।

पिता ने दी इत्तेफाकिया घटना की तहरीर

लालगंज थाना प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि मृतक के पिता ओमप्रकाश ने घटना को इत्तेफाकिया बताते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस के मुताबिक शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद हादसे से जुड़े अन्य तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे।

रिपोर्ट – संतोष देव गिरी, मिर्ज़ापुर

यह भी पढ़ें: बरेली: नदी सिर्फ 100 मीटर दूर थी, फिर भी यहीं बनी करोड़ों की टंकी; अब पूरा ढांचा नदी में

Related Articles

Back to top button