मिर्ज़ापुर: प्रेम-प्रसंग में किशोरी की हत्या, पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के पैर में लगी गोली

मिर्जापुर में किशोरी हत्या कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। प्रेम-प्रसंग में हुई हत्या के आरोपी को पुलिस मुठभेड़ में गोली लगी और गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी ने पूछताछ में हत्या और शव खेत में फेंकने की बात कबूल की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के मिर्ज़ापुर में किशोरी हत्या कांड का पुलिस ने बेहद तेजी से खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह सनसनीखेज वारदात प्रेम-प्रसंग और जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश के दौरान हुई थी। आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर किशोरी की हत्या कर शव खेत में फेंक दिया था। घटना के खुलासे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई को लेकर अधिकारियों ने टीम की सराहना की है।

खेत में मिली किशोरी की लाश से मचा था हड़कंप

मामला पड़री थाना क्षेत्र का है, जहां रविवार को एक किशोरी का शव खेत में मिलने के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी। शव मिलने की सूचना के बाद यूपी पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए कई टीमें लगा दी गईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह और क्षेत्राधिकारी सदर मुनेन्द्र पाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

देर रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या का आरोपी बिना नंबर की बाइक से ग्राम गौराराज की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पड़री थाना पुलिस ने बौड़री पहाड़ी के पास घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में सीमित फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के पास से कट्टा और हत्या में इस्तेमाल गमछा बरामद

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय बिंद पुत्र राम कुमार, निवासी सुखनई थाना मड़िहान के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से .315 बोर का कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और हत्या में इस्तेमाल किया गया गमछा बरामद किया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने जो खुलासा किया, उसने इस हत्याकांड को और भी भयावह बना दिया।

प्रेमिका से मिलाने के बहाने बुलाया, फिर कर दी हत्या

पूछताछ में आरोपी अजय बिंद ने बताया कि उसका दोस्त राजन उर्फ साजन मृतका के साथ पहले से संबंध में था। साजन उसे अपनी प्रेमिका से मिलाने के बहाने लेकर गया था। आरोपी के अनुसार, वहां साजन किशोरी के साथ शारीरिक संबंध बनाने लगा। इसी दौरान अजय ने भी किशोरी के साथ जबरन संबंध बनाने की कोशिश की। किशोरी ने इसका विरोध किया और शोर मचाने लगी। इसके बाद दोनों आरोपियों ने मिलकर पहले पत्थर से हमला किया और फिर गमछे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों शव को खेत में फेंककर फरार हो गए थे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साजन बिंद पुत्र पप्पू बिंद और अजय बिंद पुत्र राम कुमार, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, अजय बिंद को मुठभेड़ के दौरान पकड़ा गया, जबकि हत्या में इस्तेमाल गमछा भी बरामद कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस घटना के बाद इलाके में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

रिपोर्ट – संतोष देव गिरी

यह भी पढ़ें: Kanpur Double Murder: मामूली बाइक टक्कर ने ली पिता-पुत्र की जान, सड़क पर चाकुओं से गोदकर हत्या से दहला शहर

Related Articles

Back to top button