मीरजापुर: शटर खोला, पूरी आलमारी उठाई और लाखों के जेवर लेकर फरार हुए चोर
मीरजापुर के ड्रमंडगंज में आभूषण की दुकान से करीब 4 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी हो गए। चोर आलमारी 100 मीटर दूर ले जाकर तोड़कर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मीरजापुर के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक आभूषण की दुकान में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। बेखौफ चोर दुकान का शटर खोलकर अंदर रखी आलमारी ही उठा ले गए। करीब 100 मीटर दूर ले जाकर आलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
शटर खोलकर उठाई पूरी आलमारी
जानकारी के अनुसार, हलिया कस्बा निवासी सतीश कुमार अग्रहरि की ऊंटी गांव स्थित गड़बड़ा पुल के पास किराए के मकान में आभूषण की दुकान है। रविवार देर रात अज्ञात चोर दुकान का शटर खोलकर भीतर रखी आलमारी उठा ले गए। इसके बाद नैड़ी-अदवा मार्ग पर आलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे कीमती आभूषण निकाल लिए और खाली आलमारी सड़क किनारे झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए।
सुबह मिली टूटी आलमारी, करीब 4 लाख की चोरी
सोमवार सुबह स्थानीय निवासी वीरू मौर्य ने सड़क किनारे टूटी आलमारी और दुकान का खुला शटर देखा, जिसके बाद दुकानदार को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे सतीश अग्रहरि ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पीड़ित के अनुसार, चोरी में करीब 4 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी हुए हैं।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी थानाध्यक्ष पुनीत कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना के खुलासे का प्रयास किया जाएगा।
रिपोर्ट – संतोष देव गिरी
यह भी पढ़ें: टीसी लेने निकली छात्रा की दर्दनाक मौत, पुलिस जांच में सामने आई चौंकाने वाली कहानी



