टेस्ट रैंकिंग में मिचेल स्टार्क बने नंबर 1 गेंदबाज

- बुमराह का दबदबा हुआ खत्म, पंत-कमिंस और लियोन ने भी लगाई छलांग
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
दुबई। आईसीसी की ताजा टेस्ट रैंकिंग में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने पहली बार टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में नंबर-एक स्थान हासिल कर लिया है। बांग्लादेश के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के दम पर स्टार्क ने जसप्रीत बुमराह को शीर्ष स्थान से हटा दिया। वहीं, ऋ षभ पंत ने छह पायदान की छलांग लगाकर बल्लेबाजों की रैंकिंग में संयुक्त रूप से सातवां स्थान हासिल कर लिया है।
मिचेल स्टार्क के लिए यह उपलब्धि बेहद खास है। 36 वर्षीय तेज गेंदबाज ने अपने 15 साल लंबे टेस्ट करियर में पहली बार आईसीसी टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल किया है।
बांग्लादेश के खिलाफ मैैके में खेले गए दूसरे टेस्ट में स्टार्क ने 10 विकेट चटकाए थे। इस प्रदर्शन ने स्टार्क को रैंकिंग में दो पायदान ऊपर पहुंचाया और उन्होंने बुमराह तथा न्यूजीलैंड के मैट हेनरी को पीछे छोड़ दिया। स्टार्क लंबे समय से दुनिया के शीर्ष गेंदबाजों में शामिल रहे हैं।
ऑस्ट्रेलिया के दूसरे गेंदबाजों ने भी रैंकिंग में बढ़त हासिल की है। कप्तान पैट कमिंस बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट में छह विकेट लेने के बाद एक स्थान ऊपर चढक़र चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं अनुभवी ऑफ स्पिनर नाथन लियोन ने दो स्थान की छलांग लगाई है और अब वह 10वें नंबर पर हैं। वहीं पंत ने छह स्थान की छलांग लगाकर बल्लेबाजों की रैंकिंग में संयुक्त रूप से सातवां स्थान हासिल कर लिया। उनके साथ ऑस्ट्रेलिया के मार्नस लाबुशेन भी संयुक्त सातवें स्थान पर हैं। पंत के अलावा केएल राहुल पांच स्थान ऊपर चढक़र 30वें पायदान पर पहुंच गए हैं। टेस्ट बल्लेबाजों की शीर्ष रैंकिंग में हैरी ब्रूक नंबर-1 पर बने हुए हैं, जबकि उनके हमवतन जो रूट दूसरे स्थान पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ और ट्रेविस हेड क्रमश: तीसरे और चौथे नंबर पर हैं।
ऑलराउंडरों में जडेजा का राज कायम
टेस्ट ऑलराउंडरों की रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर कोई बदलाव नहीं हुआ है। भारत के अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा नंबर-1 पर अपना कब्जा बरकरार रखे हुए हैं। पैट कमिंस एक स्थान ऊपर चढक़र सातवें नंबर पर पहुंच गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के कैमरन ग्रीन भी एक पायदान ऊपर जाकर संयुक्त रूप से 17वें स्थान पर हैं, जबकि ओली रॉबिन्सन ने पांच स्थान की छलांग लगाकर 23वां स्थान हासिल किया है।



