तालाब किनारे घास काटना पड़ा भारी, दबगों ने किसान को पीट-पीटकर किया अधमरा
उत्तर प्रदेश के सीतापुर में बाढ़-कटान प्रभावित क्षेत्रों में किसानों को मवेशियों का पेट भरने के लिए लंबी दौड़ लगानी पड़ रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में बाढ़-कटान प्रभावित क्षेत्रों में किसानों को मवेशियों का पेट भरने के लिए लंबी दौड़ लगानी पड़ रही है।
ऐसे में किसान को घास काटने की सजा दबंगों ने लाठी-डण्डों से मारपीट करते हुए दी। ग्रामीण को गंभीर हालत में सीएचसी रेउसा से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मामला रेउसा थानाक्षेत्र के सुखरंजनपुरवा मजरा कोड़वाधमधमपुर का है।
कोड़वा धमधमपुर निवासी किसान रमेश मिश्रा (48) के मुताबिक, इलाके में पशुओं के चारे की किल्लत है, ऐसे में वे पड़ोस स्थित तालाब किनारे घास काट रहे थे। तभी गांव के सरोज, मनोज, संजय, उत्तम आदि आ गए और घास काटने से मना करने लगे।
दावा है कि जब उन्होंने कहा कि ये ग्राम समाज से जुड़ी जमीन है और जानवर भूखे हैं, इस बात पर सभी नाराज हो गए और लाठी-डण्डों से पीटकर घायल कर दिया। थाना प्रभारी रेउसा हनुमंत तिवारी का कहना है कि मारपीट में घायल किसान को सीएचसी रेउसा से जिला अस्पताल रेफर किया गया है, मामले में केस दर्ज करते हुए कार्रवाई की जा रही है।



