बारिश में कीचड़ और जलभराव बना आफत, ग्रामीणों की बढ़ी मुश्किलें

उत्तर प्रदेश के हरदोई स्थित संडीला गांव में विकास के दावों के बीच महसोना गांव की तस्वीर कुछ और ही कहानी बयां कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के हरदोई स्थित संडीला गांव में विकास के दावों के बीच महसोना गांव की तस्वीर कुछ और ही कहानी बयां कर रही है।

ब्लॉक बेंहदर क्षेत्र के महसोना गांव से लोनीखेड़ा तक करीब एक किलोमीटर रास्ता पिछले लगभग 20 वर्षों से ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। बरसात होते ही यही रास्ता कीचड़ और पानी से भर जाता है और लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है।

ग्रामीणों के मुताबिक इस रास्ते से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ती है। कीचड़ भरे रास्ते से गुजरते समय बच्चों के फिसलने और कपड़े खराब होने की समस्या आम हो गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से रास्ते के निर्माण की उम्मीद लगाए बैठे हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। उनका सवाल है कि जब इस रास्ते से हजारों लोगों का आवागमन होता है तो आखिर जिम्मेदारों की नजर इस बदहाली पर क्यों नहीं पड़ रही?

ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा से मामले का संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कराने और रास्ते का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। अब देखना यह है कि महसोना की यह तस्वीर कब बदलती है। क्या 20 साल पुरानी समस्या पर अब जिम्मेदारों की नजर पड़ेगी, या फिर बरसात के साथ ग्रामीणों की परेशानी भी हर साल लौटती रहेगी?

Related Articles

Back to top button