2012 के बाद मुंबई ने जीता पहला ओपनिंग मैच

  • रोहित-रिकेल्टन के बीच 148 रन की हुई तीसरी बड़ी साझेदारी

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
मुंबई। रोहित शर्मा (78) और रेयान रिकेल्टन (81) की अर्धशतकीय पारियों की मदद से मुंबई केकेआर को छह विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ मुंबई ने 13 साल से चले आ रहे हार के सिलसिले को भी तोड़ दिया। दरअसल, मुंबई ने पिछली बार 2012 में सत्र का ओपनिंग मुकाबला जीता था। अब टीम ने केकेआर को हराकर इस अनचाहे रिकॉर्ड से पीछा छुड़ा लिया है। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर ने अजिंक्य रहाणे (67) और अंगकृष रघुवंशी (51) की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में चार विकेट पर 220 रन बनाए।
जवाब में मुंबई ने रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन की शतकीय साझेदारी की सहायता से 19.1 ओवर में चार विकेट पर 224 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। रोहित और रिकेल्टन ने पहले विकेट के लिए 11.5 ओवर में 148 रन की साझेदारी की। रोहित पहले विकेट के रूप में 78 रन बनाकर आउट हुए। रोहित ने 23 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। आईपीएल में उनका यह सबसे तेज अर्धशतक है। रोहित का आईपीएल का यह 50वां अर्धशतक भी था। इससे पहले पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर को फिन एलन और अजिंक्य रहाणे ने पहले विकेट के लिए 5.2 ओवर में 69 रन जोड़े। रहाणे का विकेट गिरने के बाद रघुवंशी और रिंकू सिंह ने पारी को संभाला और चौथे विकेट के लिए 30 गेंदों पर 60 रन की साझेदारी कर टीम का स्कोर 205 तक पहुंचा दिया। रघुवंशी 51 रन की पारी खेलकर आउट हुए। रिंकू सिंह 33 और रमनदीप सिंहचार रन बनाकर नाबाद रहे।

चेन्नई को लगा झटका डेवाल्ड ब्रेविस हुए चोटिल

गुवाहाटी। सीएसके को आईपीएल 2026 के अपने शुरुआती मुकाबले से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम के युवा स्टार बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस चोट के कारण राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच से बाहर हो गए हैं। सीएसके के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा कि ब्रेविस को ट्रेनिंग के दौरान साइड स्ट्रेन हुआ है और वह फिलहाल रिकवरी कर रहे हैं। ब्रेविस की गैरमौजूदगी टीम के लिए और भी मुश्किल खड़ी करती है। पहले ही तेज गेंदबाज नाथन एलिस पूरे सीजन से बाहर हो चुके हैं। वहीं, पूर्व कप्तान धोनी भी पिंडली की चोट के कारण शुरुआती दो हफ्तों तक टीम से बाहर रह सकते हैं। इसके अलावा, एलिस के रिप्लेसमेंट के तौर पर शामिल किए गए स्पेंसर जॉनसन भी अभी बैक इंजरी से उबर रहे हैं और 21 अप्रैल के आसपास टीम से जुड़ेंगे।

Related Articles

Back to top button