आईपीएल में मुंबई की चौथी सबसे बड़ी जीत

  • तिलक-अश्विनी के दमदार प्रदर्शन के बल पर गुजरात को 99 रनों से दी मात

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
अहमदाबाद। तिलक वर्मा की विस्फोटक बल्लेबाजी के बाद अश्विनी कुमार की घातक गेंदबाजी के दम पर मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस को 99 रनों के अंतर से मात दी। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने तिलक की 101 रनों की नाबाद पारी की मदद से 20 ओवर में पांच विकेट पर 199 रन बनाए। जवाब में गुजरात की टीम 15.5 ओवर में सिर्फ 100 रन ही बना सकी। बता दें कि, यह मुंबई की रनों के अंतर से आईपीएल में उनकी चौथी सबसे बड़ी जीत है। वहीं, गुजरात दूसरी बार अपने सबसे छोटे स्कोर पर ऑलआउट हुई।
लगातार चार मैचों में हार के बाद यह मुंबई की पहली जीत है। वहीं, टीम ने चार अंकों के साथ अंक तालिका में छलांग लगाकर सातवां स्थान हासिल कर लिया है। वहीं, गुजरात फिलहाल छह अंकों के साथ छठे पायदान पर बनी हुई है। गुजरात की शुरुआत ही इस मुकाबले में खराब रही। पारी की पहली ही गेंद पर साई सुदर्शन (0) का विकेट गंवा चुकी थी। एक समय 55 रनों पर पांच विकेट गंवाने के बाद मैच में वापस नहीं आ सकी। अश्विनी कुमार ने 24 रन देकर चार विकेट हासिल किए। इससे पहले, मुंबई की शुरुआत भी बेहद खराब रही थी और रबाडा ने पावरप्ले में ही मुंबई को तीन झटके दे दिए थे। तिलक ने इसके बाद नमन धीर के साथ मिलकर मुंबई की पारी को संभाला। उन्होंने शुरुआत धीमी की थी और 22 गेंदों पर 19 रन ही बनाए थे। लेकिन इसके बाद अगले 23 गेंदों पर 82 रन ठोक डाले। तिलक ने 45 गेंदों पर अपने आईपीएल करियर का पहला शतक पूरा किया। इससे पहले सनथ जयसूर्या ने 2008 में चेन्नई के खिलाफ इतने ही गेंदों पर मुंबई के लिए शतक लगाया था।

हैदराबाद के खिलाफ मैच के लिए अक्षर फिट घोषित

हैदराबाद। दिल्ली कैपिटल्स का सामना आज सनराइजर्स हैदराबाद से होना है। दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल पिछले मैच में चोटिल हो गए थे। अब टीम के मुख्य कोच हेमांग बदानी ने अक्षर की फिटनेस को लेकर अपडेट दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कप्तान अक्षर पटेल आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले के लिए पूरी तरह फिट हैं। वहीं, बदानी ने अपने बल्लेबाजों के मैच जिताने वाले प्रदर्शन का समर्थन करते हुए कहा कि टी20 क्रिकेट में निरंतरता से ज्यादा प्रभावी प्रदर्शन मायने रखता है। बदानी ने दिल्ली की बल्लेबाजी में कथित अस्थिरता को लेकर उठ रही चिंताओं को खारिज करते हुए कहा कि कुछ झटके लगे हैं, लेकिन टीम अपनी प्रक्रिया से संतुष्ट है। बदानी ने सत्र की शानदार शुरुआत के बाद पिछले कुछ मैचों में लचर प्रदर्शन करने वाले समीर रिजवी का समर्थन करते हुए कहा, अगर कोई खिलाड़ी आपको अकेले दम पर दो मैच जिता चुका है और इस सत्र में दो बार मैन ऑफ द मैच रहा है, तो मैं उससे संतुष्ट हूं। पिछले साल भी उसके खाते में तीन मैन ऑफ द मैच थे।

Related Articles

Back to top button