बदायूं में रिश्तों का कत्ल! जमीन और पैसों के विवाद में बेटे पर पिता की हत्या का आरोप

बदायूं के बिनावर थाना क्षेत्र में जमीन और रुपये के विवाद में बेटे पर पिता की कुल्हाड़ी से हत्या का आरोप है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। बिनावर थाना क्षेत्र के ब्यौर गांव में शुक्रवार देर रात 60 वर्षीय राधेलाल की हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक आरोप परिवार के सबसे छोटे बेटे पर है, जिसने कथित तौर पर जमीन और रुपयों के विवाद के बाद कुल्हाड़ी से हमला कर पिता की जान ले ली। घटना के बाद आरोपी फरार बताया जा रहा है।

जमीन के बंटवारे और रुपयों को लेकर हुआ विवाद

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, राधेलाल के पास करीब 18 बीघा कृषि भूमि थी और उनके पांच बेटे हैं। आरोप है कि सबसे छोटा बेटा अहिवरन कई दिनों से जमीन के बंटवारे की मांग कर रहा था। बताया जा रहा है कि उसे स्वयं सहायता समूह की किस्त जमा करने के लिए रुपयों की आवश्यकता थी। शुक्रवार को राधेलाल ने मक्का बेचने के बाद घर लौटे थे। इसी दौरान रुपये मांगने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।

देर रात कुल्हाड़ी से हमले का आरोप

आरोप है कि देर रात अहिवरन घर पहुंचा और पिता पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण राधेलाल की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया, जिससे पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है।

पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही बिनावर थाना पुलिस और सीओ सिटी राहुल पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट – संतुलित पाठक

यह भी पढ़ें: गोरखपुर: ‘मातृ सेवा’ अभियान को मिली नई ताकत, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी पर रहेगा खास फोकस

Related Articles

Back to top button