नौतनवा के लाल ने किया कमाल! NEET में हासिल की 6316वीं रैंक, पूरे क्षेत्र में खुशी

महराजगंज के नौतनवा निवासी जिज्ञास कौशल ने NEET परीक्षा में 6316वीं ऑल इंडिया रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया। भाजपा नेता जितेंद्र जायसवाल ने घर पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मेहनत, अनुशासन और सही दिशा में किए गए प्रयास से छोटे शहरों के युवा भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। महराजगंज जिले के नौतनवा नगर के रहने वाले जिज्ञास कौशल ने NEET परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया 6316वीं रैंक हासिल की है। उनकी इस सफलता से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

कोटा में रहकर की NEET की तैयारी

नौतनवा नगर के उस्मान नगर वार्ड नंबर-9 निवासी जिज्ञास कौशल, पिता मनोज कौशल और माता राधा कौशल के पुत्र हैं। उन्होंने राजस्थान के कोटा में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET की तैयारी की थी। कठिन परिश्रम, नियमित अभ्यास और लगन के दम पर उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की।

जिज्ञास की सफलता उन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है, जो मेडिकल क्षेत्र में अपना करियर बनाने का सपना देख रहे हैं। परिवार और क्षेत्र के लोगों ने उनकी सफलता पर खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

भाजपा नेता जितेंद्र जायसवाल ने घर पहुंचकर किया सम्मान

जिज्ञास कौशल की उपलब्धि पर नगर के वरिष्ठ भाजपा नेता जितेंद्र जायसवाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल उनके आवास पहुंचा। यहां उन्होंने जिज्ञास और उनके माता-पिता को बधाई दी और सम्मानित किया।

इस दौरान जिज्ञास को अंगवस्त्र पहनाकर, पुष्पमाला पहनाकर और मिठाई खिलाकर उनकी सफलता का उत्साह बढ़ाया गया। उपस्थित लोगों ने उनकी मेहनत और प्रतिभा की सराहना की।

क्षेत्र के युवाओं के लिए बनी प्रेरणा

कार्यक्रम में भाजपा नेता जितेंद्र जायसवाल के अलावा पिटू वर्मा, राजीव शर्मा, सुनील गुप्ता, विंध्याचल मद्देशिया सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। लोगों का कहना है कि जिज्ञास की सफलता से नौतनवा और महराजगंज के अन्य छात्रों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: कानपुर में पुलिस पर हमला! समझाने गई टीम पर टूट पड़ी भीड़, वाहन में तोड़फोड़

Related Articles

Back to top button