NCB हेल्पलाइन में नौकरी का झांसा! 36 युवकों से लाखों की वसूली, WhatsApp पर हुआ इंटरव्यू

बरेली में NCB हेल्पलाइन में संविदा नौकरी का झांसा देकर 36 युवकों से 1.17 लाख रुपये से अधिक ठगने का आरोप है। अलीगंज पुलिस ने दो लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बरेली में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को एनसीबी हेल्पलाइन में संविदा पर भर्ती का झांसा देकर कथित तौर पर ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि खुद को एनसीबी हेल्पलाइन का अधिकारी बताने वाले दो लोगों ने आवेदन, चरित्र प्रमाण पत्र और इंटरव्यू के नाम पर 36 युवकों से 1.17 लाख रुपये से अधिक वसूले। WhatsApp ग्रुप में इंटरव्यू और Google Sheet में चयन दिखाकर युवकों को भरोसे में लिया गया। ऑफर लेटर नहीं मिलने पर मामला खुला।

2 हजार से शुरू हुई रकम वसूली

शाहजहांपुर के मदनापुर क्षेत्र निवासी प्रशांत कुमार पाठक ने अलीगंज पुलिस को दी तहरीर में शिवनगर नैनोवा गांव निवासी अमित कुमार और विवेक शर्मा पर आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक दोनों ने खुद को एनसीबी हेल्पलाइन का हेड बताकर संविदा भर्ती की जानकारी दी। 36 युवकों से आवेदन के नाम पर दो-दो हजार रुपये लिए गए। इसके बाद चरित्र प्रमाण पत्र के लिए 250-250 रुपये और जल्द इंटरव्यू कराने के नाम पर तीन किस्तों में 45 हजार रुपये अतिरिक्त लिए गए।

WhatsApp पर इंटरव्यू, Google Sheet में चयन

आरोपियों ने अभ्यर्थियों का WhatsApp ग्रुप बनाया, जहां ऑनलाइन इंटरव्यू कराया गया। बाद में Google Sheet भेजकर कुछ युवकों को चयनित और कुछ को रिजेक्ट दिखाया गया। चयनित अभ्यर्थियों से तीन महीने में ऑफर लेटर मिलने और तिरुवनंतपुरम जोन में तैनाती का दावा किया गया।

वेतन शुरू होने के दावे से हुआ शक

महीने गुजरने के बाद भी ऑफर लेटर नहीं मिला। आरोप है कि संपर्क करने पर युवकों को टालमटोल वाले जवाब मिलते रहे। इसी दौरान मई 2026 से वेतन शुरू होने का दावा किया गया, जिससे एक अभ्यर्थी को शक हुआ। पड़ताल में विवेक शर्मा के एनसीबी हेल्पलाइन में कुछ समय काम करने और बाद में सेवा समाप्त होने की जानकारी सामने आने का दावा किया गया।

इसके बाद युवकों ने पुलिस से शिकायत की। अलीगंज पुलिस ने अमित कुमार और विवेक शर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस रकम और संभावित अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली

यह भी पढ़ें: गोरखपुर में चंदन सिंह को मिली बड़ी जिम्मेदारी, विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने बनाया जिलाध्यक्ष

Related Articles

Back to top button