गोरखपुर में टीबी के खिलाफ नई मुहिम, 3,081 निक्षय मित्र पहले से निभा रहे बड़ी भूमिका
गोरखपुर में डॉ. वीएन अग्रवाल ने पांच उपचाराधीन टीबी मरीजों को गोद लिया। डीटीओ डॉ. संतोष श्रीवास्तव ने निक्षय मित्र बनकर मरीजों के इलाज और पोषण में सहयोग की अपील की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर में टीबी उन्मूलन अभियान को मजबूत करने की दिशा में एक और पहल सामने आई है। नवागत जिला क्षय रोग अधिकारी (DTO) डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव की मौजूदगी में प्रसिद्ध चेस्ट फिजिशियन डॉ. वीएन अग्रवाल ने पांच उपचाराधीन टीबी मरीजों को गोद लिया। उन्होंने मरीजों की काउंसिलिंग कर नियमित दवा लेने और पौष्टिक आहार पर ध्यान देने की सलाह दी। डॉ. अग्रवाल ने मरीजों को भरोसा दिलाया कि जरूरत के अनुसार वह आगे भी उनके उपचार में सहयोग करते रहेंगे। उनका कहना था कि दवाओं के साथ पर्याप्त पोषण भी रिकवरी के दौरान महत्वपूर्ण है।
निक्षय मित्र मरीजों का बढ़ाते हैं मनोबल
डीटीओ डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि टीबी उन्मूलन में निक्षय मित्रों की भूमिका अहम है। निक्षय मित्र मरीजों को गोद लेकर उन्हें पोषण संबंधी सहायता देने के साथ नियमित फॉलोअप और दवा जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने बताया कि टीबी की दवा का पूरा कोर्स करना बेहद जरूरी है। बीच में इलाज छोड़ने से ड्रग रेसिस्टेंट टीबी का जोखिम बढ़ सकता है, जिसका उपचार अधिक जटिल होता है। ऐसे में मरीजों को उपचार पूरा कराने में सामुदायिक सहयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
गोरखपुर में 3,081 निक्षय मित्र जुड़े
डीटीओ ने जिले के लोगों से आगे आकर निक्षय मित्र बनने की अपील की। उनके मुताबिक, स्वास्थ्य विभाग अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का प्रयास कर रहा है। वर्तमान में गोरखपुर में करीब 3,081 निक्षय मित्र, 20,174 उपचाराधीन टीबी मरीजों के सहयोग में जुड़े हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, निक्षय मित्रों को समय-समय पर सम्मानित भी किया जाता है। सीएमओ डॉ. राजेश झा के नेतृत्व में अभियान को विस्तार देने पर जोर दिया जा रहा है। इस अवसर पर पीपीएम समन्वयक अभय नारायण मिश्रा और मिर्जा आफताब बेग मौजूद रहे। विभाग का संदेश साफ है कि टीबी के खिलाफ लड़ाई सिर्फ इलाज तक सीमित नहीं, बल्कि मरीजों के मनोबल और पोषण का साथ देने से भी मजबूत होती है।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: कानपुर में बच्चे को कुचलकर घसीटा! CCTV VIDEO देखकर कांप उठे लोग



