पश्चिम बंगाल में BJP सरकार का नया आदेश, कल सुबह से स्कूल में गाना होगा ‘वंदे मातरम’

पश्चिम बंगाल में नई सरकार अस्तित्व में आ चुकी है और राज्य में पहली बार भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार बनी है. नई सरकार ताबड़तोड़ बड़े फैसले ले रही हैं. अब राज्य के स्कूलों को निर्देश दिया गया है कि वे हर दिन सुबह की असेंबली में क्लास शुरू होने से पहले वंदे मातरम गाएं.
स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से स्कूल प्रमुखों को जारी नोटिस में कहा गया है, “क्लास शुरू होने से पहले सुबह की प्रार्थना के दौरान वंदे मातरम गाना अनिवार्य किया जाना चाहिए, ताकि राज्य के सभी स्कूलों में सभी छात्र तत्काल प्रभाव से वंदे मातरम गाएं.” इससे पहले पिछली सरकार ने राज्य गीत, बांग्लार माटी बांग्लार जल को राज्य के स्कूलों में सुबह की असेंबली के दौरान गाना अनिवार्य किया था.
हालांकि नए आदेश के बाद स्कूल प्रमुख अब असमंजस में पड़ गए हैं, क्योंकि उनमें से कई ने कहा कि नए नोटिस में राज्य गीत के बारे में कुछ भी नहीं कहा गया है, लेकिन सुबह की प्रार्थना के दौरान बच्चों का 3 गीत—वंदे मातरम, बांग्लार माटी और राष्ट्रगान- गाना आसान नहीं होगा.
सरकारी आदेश को लेकर एक स्कूल प्रमुख ने कहा, “हम राष्ट्रगान को नहीं छोड़ सकते, क्योंकि यह अनिवार्य है. अब हमारा पहला गीत वंदे मातरम होगा, और राज्य गीत को शामिल किया तो इसमें और समय लगेगा. इस वजह से क्लास शुरू करने में देरी होगी. नोटिस में राज्य गीत के बारे में कुछ भी नहीं कहा गया है, फिर भी छात्रों को 3 गीतों के लिए रोके रखना कोई आसान काम नहीं होगा.”
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जनवरी में एक नोटिस जारी किया था, जिसमें कहा गया था कि राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के 150 साल पूरे होने के सम्मान में यह गाया जाना चाहिए. अब इसे पश्चिम बंगाल में लागू कर दिया गया है.

Related Articles

Back to top button