बाराबंकी में NIA-ATS का छापा, आतंकवादी कनेक्शन की जांच में एक गिरफ्तार; घर में मशीन लगाकर ली गई तलाशी

बाराबंकी। बदोसराय के खोर एत्महादपुर निवासी राम लखन के घर पर मंगलवार सुबह करीब आठ बजे राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण एनआइए, एंटी टेररिस्ट स्क्वाड एटीएस और स्पेशल टास्क फोर्स एटीएफ की टीमों ने छापा मारा।
तीन गाड़ियों से आयी टीमों ने घर में मशीनों से तलाशी ली। हालांकि, कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। इससे पूर्व टीम ने हिंद अस्पताल से राम लखन को हिरासत में ले लिया था।
अचानक पहुंची इन टीमों से गांव में हड़कंप मच गया। उनके साथ स्थानीय पुलिस भी थी। इस दबिश के बाद राम लखन की आतंकवादी गतिविधियों से जुड़े होने की चर्चा होने लगी हैं।
दरअसल, रामलखन की मां का सफेदाबाद स्थित हिंद अस्पताल में ऑपरेशन हुआ है, जहां वह भर्ती हैं। सूत्रों के अनुसार, टीम ने पहुंचे उसको वहां से गिरफ्तार किया है, इसके बाद उसके घर पर दबिश दी है।
पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि रेड तो हुई है, लेकिन कारण क्या है और रामलखन की क्या भूमिका है इसका पता नहीं चल सका है। स्थानीय स्तर से भी जांच कराई जा रही है।



