गोरखपुर में ऑडिटोरियम निर्माण की धीमी रफ्तार पर अधिकारियों की फटकार

गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे से पहले मण्डलायुक्त अनिल ढींगरा ने निर्माणाधीन ऑडिटोरियम और कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। निर्माण कार्य में देरी पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को काम तेज करने के निर्देश दिए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित गोरखपुर दौरे से पहले प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को मण्डलायुक्त अनिल ढींगरा और डीआईजी एस. चेनप्पा ने भटहट स्थित महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय का दौरा कर निर्माणाधीन 1000 क्षमता वाले ऑडिटोरियम और कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान ऑडिटोरियम निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर मण्डलायुक्त ने नाराजगी जताई और कार्यदायी संस्था को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।

निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के दिए निर्देश

निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त ने पाया कि ऑडिटोरियम का निर्माण निर्धारित गति से नहीं चल रहा है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (भवन) के अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने और इसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा करना प्राथमिकता होनी चाहिए।

CM के कार्यक्रम को लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा

अधिकारियों ने 11 जुलाई को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भटहट-बांसस्थान फोरलेन मार्ग के लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों का भी जायजा लिया। मण्डलायुक्त ने जनसभा स्थल पर पेयजल, पार्किंग, आवागमन, मोबाइल टॉयलेट और चिकित्सकीय सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही गर्मी और संभावित बारिश को देखते हुए आवश्यक प्रबंध करने पर जोर दिया।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी दिए गए निर्देश

डीआईजी एस. चेनप्पा ने पुलिस अधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान मजबूत सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के साथ-साथ आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका भी विशेष ध्यान रखा जाए।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडे

यह भी पढ़ें: “बुंदेलखंड अब पलायन नहीं, विकास की पहचान बनेगा”, बांदा में बोले CM योगी

Related Articles

Back to top button