पंजाब सरकार पर झूठे आरोप लगा रहा विपक्ष : बलतेज पन्नू

- आप नेता बोले- पेपर लीक पर जवाब दे कांग्रेस और भाजपा
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
चंडीगढ़। आप के प्रवक्ता बलतेज पन्नू ने कांग्रेस और भाजपा पर पंजाब सरकार के खिलाफ झूठे आरोप लगाने का आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों दलों को पहले नीट पेपर लीक मामले पर देश की जनता को जवाब देना चाहिए। बलतेज पन्नू ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के कार्यकाल में पंजाब में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फरीदकोट में सामने आया मामला पेपर लीक का नहीं, बल्कि नकल का था।
उनके अनुसार परीक्षा के दौरान इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स की मदद से नकल करते एक अभ्यर्थी को मौके पर ही पकड़ लिया गया था और इस मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जानबूझकर फरीदकोट की घटना को पेपर लीक बताकर अपने शासनकाल के मामलों से लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। पन्नू ने केंद्र की भाजपा सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उसके कार्यकाल में देशभर में 90 से अधिक पेपर लीक के मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि अब भाजपा दूसरों पर आरोप लगाकर अपनी जिम्मेदारी से बचना चाहती है, लेकिन जनता सच्चाई से भली-भांति परिचित है। आप प्रवक्ता ने कांग्रेस और भाजपा से पंजाब सरकार पर निराधार आरोप लगाने के बजाय शिक्षा व्यवस्था से जुड़े राष्ट्रीय स्तर के मुद्दों पर जवाब देने की मांग की।



