आतंकवादियों की तरह रोका गया विपक्षी सांसदों का दिल्ली मार्च : राउत

- कहा- सांसदों को बंदूक की नोक पर निर्वाचन आयोग के कार्यालय तक जाने से रोका गया
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
मुंबई। दिल्ली में विपक्षी दलों के नेताओं के सडक़ पर उतरकर प्रदर्शन करने के एक दिन बाद बुधवार को शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद संजय राउत ने दावा किया कि सांसदों को बंदूक की नोक पर निर्वाचन आयोग के कार्यालय तक जाने से रोका गया। जैसे मानो वे आतंकवादी हों और महिला सांसदों के साथ बुरा बर्ताव किया गया।
संजय राउत ने पत्रकारों से बातचीत में पूर्व मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार पर शिवसेना का चुनाव चिह्न चोरों को सौंपने का आरोप भी लगाया और दावा किया कि उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के मामले में भी ऐसा ही किया था। संजय राउत ने कहा कि विपक्षी दल के सांसदों को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मिलने से रोकने के लिए हजारों जवानों को तैनात किया गया था। उन्होंने कहा कि 275 निहत्थे विपक्षी सांसदों को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों को तैनात किया गया था जैसे मानो वे आतंकवादी हों।



